आधुनिक तकनीकों, ऑटोमेशन, एआई और नवाचारों से जोड़ा 16वें राष्ट्रीय स्टील एंड पावर एक्सपो ने

भव्य शुभारंभ, अनेक जिलों से पहुंचे लोग
रायपुर, 29 नवंबर। एक्सपो आयोजक ने बताया कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक राजधानी रायपुर स्थित साइंस कॉलेज ग्राउंड में 16वें राष्ट्रीय एक्सपो (स्टील एवं पावर) का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ हो गया। यह चार दिवसीय औद्योगिक प्रदर्शनी 27 से 30 नवम्बर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जो प्रदेश एवं मध्य भारत के उद्योग जगत को आधुनिक तकनीकों, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नवाचारों से जोडऩे का एक सशक्त एवं प्रभावशाली मंच प्रदान कर रही है।
आयोजक ने बताया कि उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकेश परगनिया (संयुक्त निदेशक, एमएसएमई डीएफओ, रायपुर) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अश्विनी गर्ग (अध्यक्ष, उरला इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन, रायपुर) सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजक संस्था इंदौर इन्फोलाइन प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजकुमार अग्रवाल तथा देश-प्रदेश से आए विभिन्न प्रदर्शकों की गरिमामयी उपस्थिति में एक्सपो को औपचारिक रूप से विजि़टर्स के लिए खोल दिया गया।
आयोजक ने बताया कि एक्सपो के पहले ही दिन रायपुर के साथ-साथ भिलाई और बिलासपुर सहित आसपास के अन्य शहरों से बड़ी संख्या में व्यापारिक एवं तकनीकी विजि़टर्स साइंस कॉलेज ग्राउंड पहुँचे। उद्घाटन के पहले ही दिन प्रदर्शकों को अपने उत्पादों, मशीनरी और सेवाओं को लेकर बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक प्रतिसाद मिला, जिससे पूरे परिसर में औद्योगिक उत्साह और व्यावसायिक संवाद का वातावरण देखने को मिला। इंदौर इन्फोलाइन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित यह नेशनल एक्सपो स्टील, पावर, सीमेंट, माइनिंग, हेवी इंजीनियरिंग एवं संबद्ध क्षेत्रों की देश की प्रमुख औद्योगिक प्रदर्शनियों में से एक है।



