यूक्रेन में रूसी हवाई हमले में 26 लोगों की मौत, राहत सामग्री केंद्र को बनाया निशाना
-यारोस्लाव लुकीव
यूक्रेन के दक्षिणी ज़ैपोरिज़िया क्षेत्र के कोमिशुवाखा गांव में रूसी हवाई हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई.
इस हमले में पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ 27 लोग लापता बताए गए थे. एक राहत सामग्री केंद्र को भी निशाना बनाया गया है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने इस हमले को बेहद भयावह क़रार दिया है.
रिजनल हेड मायखाइलो सेमिकिन के मुताबिक़, गांव में कम से कम नौ हवाई बम गिराए गए, जिनमें से हर एक का वज़न क़रीब 3,000 किलोग्राम था.
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने बताया कि रूसी सेना ने पहले एक लोकल स्कूल पर हमला किया, जिसका इस्तेमाल मानवीय सहायता से जुड़े कार्यों के लिए किया जा रहा था.
इसके बाद दूसरी बार उस स्थान को निशाना बनाया गया, जहां लोग जान बचाने के लिए शरण लिए हुए थे.
ज़ेलेंस्की ने सोमवार को हुए हमले का एक वीडियो भी साझा किया है. इसमें हमले के बाद बना विशाल गड्ढा और मलबे में लोगों की तलाश करते बचावकर्मी दिखाई दे रहे हैं.
रूसी सेना की ओर से इस हमले को लेकर अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.(bbc.com/hindi)



