छत्तीसगढ़

3 नक्सलियों को 10-10 साल कैद, अर्थदंड भी

विशेष एनआईए कोर्ट भानुप्रतापपुर ने सुनाई सजा

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कांकेर, 4 नवंबर। प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े होने के मामले में विशेष न्यायालय (एनआईए) भानुप्रतापपुर ने तीन आरोपियों को दोषसिद्ध ठहराते हुए 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने प्रत्येक आरोपी पर 3,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह फैसला विशेष न्यायाधीश दीपक के. गुप्ता की अदालत ने सुनाया। प्रकरण में अपर लोक अभियोजक टी.एस. यादव ने प्रभावी पैरवी की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मई 2023 को प्रतिबंधित माओवादी संगठन की गतिविधियों की सूचना पर सुरक्षा बलों ने सीओबी चिलपरस एवं ढूंट्टा से संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान कागबरस, नयापारा और चिलपरस क्षेत्र में तलाशी लेते हुए सुरक्षा बल केसोकोड़ी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी जंगल के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, रमेश पुनेम उर्फ बुधरू और पुनऊ राम मंडावी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़े थे और संगठन में अलग-अलग पदों पर कार्य कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से वॉकी-टॉकी सेट, माओवादी संगठन की चि_ियां, नक्सली साहित्य, नकदी, गुलेल, टॉर्च और चाकू सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पार्टी पर हमले में एक जवान के दाहिने हाथ में चोट भी आई थी।

इस मामले में 20 मई 2023 को थाना कोयलीबेड़ा में अपराध क्रमांक 08/2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149 एवं 307, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 एवं 5 तथा यूएपीए की धारा 38(2) और 39(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। प्रकरण की जांच एसडीओपी अंतागढ़ अमर सिदार को सौंपी गई थी। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

न्यायालय में अभियोजन पक्ष ने मौखिक, दस्तावेजी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। इनका समग्र मूल्यांकन करने के बाद न्यायालय ने तीनों आरोपियों को दोषसिद्ध कर 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 3,500-3,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button