ट्रंप के समर्थन के बाद भी भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ओहायो गवर्नर पद का चुनाव हारे

अमेरिका के ओहायो राज्य में गवर्नर पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने जीत हासिल की है. उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी को हराया. ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान विवेक रामास्वामी का दो बार समर्थन किया था.
न्यूज़ एजेंसी एपी के मुताबिक, ओहायो में 20 साल बाद किसी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने गवर्नर पद का चुनाव जीता है.
एक्टन पेशे से डॉक्टर हैं और कोरोना महामारी के दौरान राज्य की स्वास्थ्य निदेशक रह चुकी हैं. इसके साथ ही एक्टन ओहायो की पहली महिला गवर्नर बन गई हैं.
एमी एक्टन की मां को लेकर बनाए गए टीवी विज्ञापन की वजह से विवादों में आए विवेक रामास्वामी का ट्रंप ने बचाव भी किया था.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हार के बाद विवेक रामास्वामी ने कहा, मुझे भरोसा है कि कभी-कभी चीजें किसी वजह से होती हैं. ईश्वर की अपनी योजना है और हम उसके माध्यम हैं. मुझे अभी भी विश्वास है कि आने वाले समय में, हमारे राज्य और हमारे देश के सबसे अच्छे दिन अभी आने बाकी हैं. यह मानव इतिहास का सबसे महान देश है…
एमी एक्टन ने चुनाव प्रचार के दौरान आम लोगों के जीवन-यापन के खर्च और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच जैसे मुद्दे उठाए.
उन्होंने अपने बचपन के संघर्षों का भी जिक्र किया. एक्टन ने बताया था कि बचपन का कुछ समय उन्होंने बेघर रहते हुए बिताया और एक सर्दी टेंट में भी गुजारी थी.
जीत के बाद अपने संबोधन में एक्टन ने कहा, आज से घाव भरने की शुरुआत होती है.(bbc.com/hindi)



