ताजा खबर

8 अक्टूबर को नगर निगम की सामान्य सभा 8 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगी चर्चा

राजनांदगांव :- नगर पालिक निगम राजनांदगांव की सामान्य सभा की बैठक आगामी 8 अक्टूबर (गुरुवार) को पूर्वान्ह 11:30 बजे से नगर निगम के सभागृह में आहुत की गई है। बैठक की अध्यक्षता निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह (पारस वर्मा) करेंगे। इस सामान्य सभा में शहर के विकास, नामकरण, सौंदर्यीकरण और अधोसंरचना से जुड़े कुल 8 महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा।

चौक-चौराहों और मार्गों के नामकरण पर फैसला

निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा ने बताया कि बैठक की शुरुआत में लोक सेवा केंद्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन के आवेदनों की स्वीकृति और जाति प्रमाण पत्र संबंधी मामलों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद शहर के प्रमुख स्थलों के नामकरण के प्रस्ताव रखे जाएंगे।

इनमें नया बस स्टैंड का नामकरण ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी’ के नाम पर करने, वहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने व सौंदर्यीकरण कार्य की स्वीकृति शामिल है। साथ ही अमृत मिशन के तहत वार्ड क्रमांक 23 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के गार्डन का नामकरण वरिष्ठ पत्रकार स्व. राजेंद्र व्यास के नाम पर, एनएच-53 पर सीआईटी कॉलेज से कन्हारपुरी बाईपास मार्ग का नामकरण ‘दाऊ मंदराजी मार्ग’ करने तथा कंचनबाग-सनसिटी पहुंच मार्ग के पहले चौक का नाम ‘नवकार चौक’ करने पर निर्णय लिया जाएगा।

55 नई दुकानों का पुनर्निर्माण और यूनिपोल निविदा

शहर के व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए टाउनहॉल परिसर (जीई रोड) की 38 दुकानों और कस्तूरबा महिला मंडल रोड की 18 पुरानी दुकानों को तोड़कर 55 नई दुकानों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके अलावा निगम सीमा क्षेत्र में विज्ञापनों के लिए उपयुक्त स्थलों पर यूनिपोल (विज्ञापन बोर्ड) लगाने हेतु निविदा आमंत्रण की स्वीकृति पर भी चर्चा होगी।

नाला निर्माण व विकास कार्यों के लिए करोड़ों की निविदाओं का अनुमोदन

बैठक में अधोसंरचना विकास योजना के तहत लखोली-कन्हारपुरी से मोहारा बाईपास तक नाला निर्माण (208.32 लाख रुपये) तथा रेवाड़ीह चौक से गोकुल नगर तक नाला निर्माण (250.00 लाख रुपये) के लिए महापौर द्वारा जारी निविदाओं की पुष्टि और अनुमोदन किया जाएगा। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के अंतर्गत मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 253.32 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों हेतु निविदा आमंत्रित करने की स्वीकृति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

निगम अध्यक्ष ने महापौर, महापौर परिषद (एमआईसी) के सदस्यों, सभी पार्षदों, नामांकित पार्षदों, सांसद व विधायक प्रतिनिधियों सहित निगम अधिकारियों से बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button