शासकीय पहाड़ी भूमि व नाले पर अवैध सड़क निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
राजनांदगांव :- कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ राजस्व विभाग का कड़ा रुख जारी है। इसी कड़ी में राजनांदगांव विकासखंड के मनगटा वन चेतना केंद्र से सटे ग्राम झुराडबरी में शासकीय पहाड़ी भूमि और नाले पर अवैध रूप से बनाए गए कच्चे रास्ते को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है।
राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और भारी मशीनों की मदद से दोबारा बनाए गए इस अवैध मार्ग की जगह-जगह से गहरी खुदाई कर दी गई, जिससे वाहनों की आवाजाही और आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
13 हेक्टेयर से अधिक पहाड़ी मद की जमीन पर था अतिक्रमण
उल्लेखनीय है कि शासकीय भूमि खसरा नंबर 672 पहाड़ व चट्टान मद में दर्ज है, जिसका कुल रकबा 13.354 हेक्टेयर है। इसके साथ ही खसरा नंबर 563/1, 563/2 एवं 563/3 के सामने स्थित शासकीय नाले पर भू-माफियाओं और बेदखलों द्वारा दोबारा कच्चा रास्ता तैयार कर लिया गया था।
शिकायत मिलने पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से सड़क के बीचों-बीच गहरे गड्ढे करवा दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय संपत्तियों और वन क्षेत्रों से लगी जमीनों पर अवैध कब्जा या मार्ग निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में दोबारा प्रयास करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

