टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर चश्मदीद ने क्या बताया

अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर एक चश्मदीद ने बताया है कि गोली चलने के वक़्त टाइगर नीचे लेट गए थे.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, चश्मदीद सलमा शेख़ ने कहा कि पहले उन्हें लगा पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन इसके बाद ड्राइवर घायल अवस्था में नज़र आया.
सलमा शेख ने कहा, हर रविवार हम टाइगर श्रॉफ़ और अभिषेक का वीडियो बनाने के लिए अपनी तय जगह पर खड़े होते हैं, ताकि उसे अपने ब्लॉग पर डाल सकें. आज हम उनका वीडियो नहीं बना सके. जब हमने चार या पांच गोलियां चलने की आवाज़ सुनी, तो पहले हमें लगा कि दिवाली के लिए पटाखे चलाए जा रहे हैं. ड्राइवर घायल हालत में बाहर आया, तो हमें समझ आया कि क्या हुआ था.
उन्होंने कहा, मैं चिल्लाने और रोने लगी, क्योंकि हमारे साथ भी ऐसा हो सकता था, लेकिन ऊपर वाले ने हमें बचा लिया. ड्राइवर को चोटें आईं. एक गोली उसकी हथेली में जा लगी. गोली चलाने वाला लड़का बहुत कम उम्र का था. ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
सलमा शेख़ ने यह भी दावा किया कि गोली चलने के वक़्त टाइगर नीचे लेट गए थे.
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ़ से मुलाक़ात के बाद कहा कि दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा.(bbc.com/hindi)



