ईरान के विदेश मंत्री का दावा- हम अमेरिकी प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं मगर…

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची का कहना है कि तेहरान ने अभी तक अमेरिका के नवीनतम प्रस्ताव का जवाब नहीं दिया है. हालांकि, अगर शर्तें पूरी होती हैं तभी बातचीत शुरू हो सकती है.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने यह बात इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) की मंत्रिस्तरीय बैठक के दूसरे दिन पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही.
उन्होंने कहा कि ईरान की शर्तें स्पष्ट हैं और उन्हें सात दिन की योजना के रूप में अमेरिका के सामने रखा गया है.
ग़ौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ईरान की सात दिन की योजना को ख़ारिज कर चुके हैं.
हालांकि, इसके बाद ईरान को अमेरिकी की ओर से एक नया प्रस्ताव मिला, जिसका जवाब ईरान ने अभी तक नहीं दिया है.
इससे पहले ख़बर आई थी कि ईरान अमेरिका के नवीनतम प्रस्ताव पर विचार कर रहा है.
बीबीसी फ़ारसी के अनुसार, अब्बास अराग़ची ने कहा, हमने अपनी शर्तें रखीं, अमेरिका ने अपना मत दिया और हम फ़िलहाल उसकी समीक्षा कर रहे हैं. हमारी नज़र में सात दिन की योजना अब भी मेज़ पर है.
उन्होंने कहा, अगर अमेरिका ईमानदारी दिखाता है तो आगे का रास्ता साफ़ है. अगर वह इन शर्तों का पालन करता है तो छठे दिन होर्मुज़ स्ट्रेट खोला जाएगा और सातवें दिन बातचीत शुरू होगी.
अब्बास अराग़ची ने ज़ोर देकर कहा, हम किसी भी परिस्थिति में धमकियों के आगे नहीं झुकेंगे. ईरान की रक्षा तैयारियां पिछले युद्धों की तुलना में अधिक मज़बूत हैं.(bbc.com/hindi)



