आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंचेगी रेल

रायपुर-कुरूद और रावघाट-रायपुर यात्री रेल सेवा का शुभारंभ कल
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 19 अक्टूबर। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में मंगलवार, 20 अक्टूबर को ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन होगा। इस मौके पर रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत की जाएगी। वहीं, रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा का शिलान्यास भी होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना केवल रेल नेटवर्क का विस्तार नहीं, बल्कि बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा। क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच करीब 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के साथ यह परियोजना पूर्ण हो गई है। रेल संपर्क से क्षेत्र में लौह अयस्क के परिवहन के साथ भिलाई इस्पात संयंत्र सहित इस्पात उद्योग की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
इधर, अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो गया है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। कुरूद-धमतरी रेलखंड का काम अभी जारी है। रायपुर में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक आधुनिक रेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।


