भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत तेज, रुबियो बोले- दोनों देश समझौते के बेहद करीब

-याकूत अली
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने 20 अक्टूबर को मुंबई में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की. दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग बढ़ाने और लंबे समय से अटके व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने पर बातचीत हुई. रुबियो ने पत्रकारों से कहा कि दोनों देश समझौते के बेहद करीब हैं और कुछ मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है. उन्होंने कहा, हम बहुत, बहुत करीब हैं. समझौते पर हस्ताक्षर होने से पहले जितना करीब पहुंचा जा सकता है, हम लगभग उतने करीब हैं.
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता अमेरिकी टैरिफ और भारत की ओर से रूस से कच्चा तेल खरीदने के मुद्दे पर तनाव के कारण कई महीनों से अटकी हुई है. अगस्त 2025 में अमेरिका ने ज्यादातर भारतीय सामानों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगाया था. फरवरी 2026 में बनी रूपरेखा के तहत इसे घटाकर 18 फीसदी किया गया, लेकिन बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी.
भारत चाहता है कि उसके सामान पर टैरिफ वियतनाम जैसे प्रतिस्पर्धी विनिर्माण देशों के बराबर हो. इस महीने की शुरुआत में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि बातचीत ठहराव पर पहुंच गई है जबकि वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने पिछले हफ्ते कहा कि समझौते का पहला चरण अंतिम दौर में है. दोनों देशों के बीच बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, निवेश और रक्षा सहयोग भी शामिल हैं. रूस से रियायती दरों पर तेल खरीदने के भारत के फैसले से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आया है. भारत ने कहा है कि वह ऊर्जा के स्रोतों में विविधता लाने के साथ अमेरिका से आयात बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है.(dw.com/hi)



