धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियां देखीं स्मृति इरानी ने

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन होगा। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन के जरिए जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी रानी धरमजयगढ़ पहुंचीं। उन्होंने दशहरा मैदान में आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और मंच, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, पार्किंग तथा आवागमन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए जाने वाले प्रदर्शनी स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।
समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग के स्टॉल लगाए जाएंगे।


