ताजा खबर

चौकों-छक्कों और शानदार गेंदबाजी से गूंजा आरंग, इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप में अरुंधति देवी स्कूल और मंदिरहसौद ने दर्ज की जीत

आरंग :  स्कूली क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आरंग ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा टॉस कराकर किया। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। पहले मैच में पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग ने मदर्स प्राइड स्कूल को पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग को हराकर जीत हासिल की।

उद्घाटन समारोह में पार्षद प्रतिनिधि खिलेश धुरंधर, आरंग युवा एवं खेल संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष अमन साहू, अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ी पोषण ध्रुव, अनुज साहू तथा प्रशिक्षक अश्वनी रात्रे और राजेश्वरी रात्रे उपस्थित रहे।

उमेंद्र की शानदार पारी से अरुंधति देवी स्कूल की जीत

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग और मदर्स प्राइड स्कूल आरंग के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मदर्स प्राइड स्कूल की टीम ने चिन्मय चंद्राकर के 20 रन और रियांश चंद्राकर के 18 रनों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 107 रन बनाए। अरुंधति देवी स्कूल की ओर से तन्मय, बिट्टू और उमेंद्र ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल की टीम ने सौम्य के 17 रन और उमेंद्र की 40 रनों की बेहतरीन पारी के दम पर जीत हासिल की। मदर्स प्राइड स्कूल की ओर से रियांश चंद्राकर ने चार विकेट और मोक्ष चंद्राकर ने दो विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए उमेंद्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

कोमल के 76 रन और चिरंजीव की गेंदबाजी से मंदिरहसौद विजयी

दिन का दूसरा मुकाबला स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद और गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग के बीच खेला गया। गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने नारायण के 24 रन और कोमल की 76 रनों की शानदार पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 177 रन बनाए। गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल की ओर से अरमान ने तीन विकेट और पृथ्वी साहू ने दो विकेट हासिल किए।

178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग की टीम ने अवि अरुण बारीक के 57 रन और समर प्रताप यदु के 21 रनों की बदौलत मुकाबले में संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 152 रनों पर सिमट गई। स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद की ओर से चिरंजीव ने तीन विकेट और सौरभ ने दो विकेट लेकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। शानदार बल्लेबाजी करते हुए 76 रन बनाने वाले कोमल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

स्कूली खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा निखारने का अवसर

आरंग युवा एवं खेल संगठन और आरंग क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र के स्कूली खिलाड़ियों को बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराना और क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और खेल कौशल को बढ़ावा मिलेगा। पहले दिन दोनों विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल रहा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button