आरंग में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया विजयादशमी पर्व, शस्त्र पूजन कर दिया आत्मरक्षा एवं संस्कारों का संदेश
रामकुमार गुप्ता आरंग : त्याग, तपस्या, शौर्य एवं विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व को अग्रसेन योगासन शाखा एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर, अग्रवाल पारा के संयुक्त तत्वावधान में मंदिर परिसर में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शस्त्र पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा, आत्मरक्षा और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रसेन योगासन शाखा की नियमित दिनचर्या के अंतर्गत आसन, प्राणायाम, ध्यान योग एवं संघ प्रार्थना के पश्चात किया गया। मुख्य अतिथि रामू मिर्धा, कार्यक्रम अध्यक्ष अरविंद चन्द्राकर एवं विशिष्ट अतिथि के.के. भारद्वाज ने भारत माता, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार एवं गुरुजी सदाशिव गोलवलकर के छायाचित्रों तथा शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया।
मुख्य अतिथि रामू मिर्धा ने अपने उद्बोधन में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन की परंपरा का विशेष महत्व है। इस परंपरा को जीवंत बनाए रखने और जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष अरविंद चन्द्राकर ने शास्त्र एवं शस्त्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शास्त्र हमें जीवन जीने की सही दिशा दिखाते हैं, वहीं शस्त्र आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। विजयादशमी का पर्व हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं के साथ आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है।
विनोद गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, हनुमानजी एवं माता दुर्गा सहित देवी-देवताओं ने समय-समय पर धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश के लिए शस्त्रों का प्रयोग किया। उन्होंने विजयादशमी को शक्ति की उपासना और धर्म की स्थापना का पर्व बताया।
जयशंकर यादव ने माला और भाला के प्रतीकात्मक महत्व को समझाते हुए कहा कि माला स्वाध्याय एवं आध्यात्मिक साधना का प्रतीक है, जबकि भाला आत्मरक्षा और साहस का प्रतीक है। उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को इन परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि उनमें आत्मसम्मान और सांस्कृतिक गौरव की भावना विकसित हो सके।
बाबू गुलाब दास ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अपनी दसों इंद्रियों पर नियंत्रण रखने और आत्मिक शक्ति जागृत करने की प्रेरणा देता है। नौ दिनों तक माता दुर्गा की उपासना के बाद विजयादशमी हमें आत्मचिंतन और आत्मानुशासन का संदेश देती है। भगवान श्रीराम ने मर्यादा और संयम के आदर्शों के माध्यम से रावण पर विजय प्राप्त की। यह पर्व हमें आपसी समन्वय, सद्भाव और मिल-जुलकर रहने की सीख भी देता है।
शंकर पाल ने विजयादशमी से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने अपने अस्त्र-शस्त्र शमी वृक्ष पर छिपाकर रखे थे। विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा को इसी प्रसंग से भी जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है।
कार्यक्रम में रविन्द्र अग्रवाल, अमिताभ अग्रवाल, अभिनेष अग्रवाल, ओम गुप्ता, दीपक साहेब गुरुगोस्वामी, बलराम साहू, गोपाल पाल, कृष्ण कुमार वर्मा एवं रामकुमार कंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार ठाकुर ने किया तथा आभार प्रदर्शन बृजेश अग्रवाल ने किया।

