अंबिकापुर से हैदराबाद तक हवाई सफर शुरू, पहली फ्लाइट में 19 यात्री रायपुर रवाना

सप्ताह में तीन दिन मिलेगी विमान सेवा, पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव और एथलीट अनिमेष कुजूर ने भी भरी उड़ान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 अक्टूबर। सरगुजा संभाग के हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अंबिकापुर के दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से रायपुर होते हुए हैदराबाद तक की हवाई सेवा मंगलवार से शुरू हो गई। एलायंस एयर की पहली फ्लाइट निर्धारित समय पर अंबिकापुर पहुंची और दोपहर 2.05 बजे रायपुर के लिए रवाना हुई। पहले दिन अंबिकापुर से 19 यात्रियों ने रायपुर के लिए उड़ान भरी। इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और एथलीट अनिमेष कुजूर भी पहली फ्लाइट से रायपुर रवाना हुए।
हवाई सेवा के शुभारंभ के अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की उम्मीद जताई। नई सेवा शुरू होने से सरगुजा के यात्रियों को रायपुर और जगदलपुर के रास्ते हैदराबाद तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।
एलायंस एयर की यह फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। विमान हैदराबाद से सुबह 9.30 बजे रवाना होकर जगदलपुर और रायपुर होते हुए दोपहर 1.20 बजे अंबिकापुर पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 2.05 बजे अंबिकापुर से उड़ान भरकर 3.05 बजे रायपुर, शाम 4.25 बजे जगदलपुर और शाम 6.10 बजे हैदराबाद पहुंचेगा।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से अनुमति मिलने के बाद कंपनी ने अपने विंटर शेड्यूल में इस सेवा को शामिल किया है। पहले यह विमान रायपुर और हैदराबाद के बीच संचालित होता था, जिसे अब अंबिकापुर तक विस्तारित किया गया है। दरिमा एयरपोर्ट के डायरेक्टर डॉ. सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन विमान में अंबिकापुर से रायपुर तक के यात्रियों की ही बुकिंग हुई। विमानन कंपनी की वेबसाइट में तकनीकी खामियों के कारण अंबिकापुर से सीधे हैदराबाद तक की टिकट बुकिंग नहीं हो पा रही है। कंपनी ने जल्द ही इस समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया है।
सिंहदेव बोले- हवाई सेवा शुरू होना खुशी की बात
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने नई हवाई सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि इस सेवा को शुरू कराने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए गए हैं। रायपुर पहुंचने के बाद यात्रियों को देश के अन्य बड़े शहरों तक जाने की सुविधा मिलती है। उन्होंने बताया कि एयरलाइंस ने किराया 2,100 रुपये रखा है। सिंहदेव ने क्षेत्र के लोगों से हवाई सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। साथ ही विमानन कंपनी से किराया नहीं बढ़ाने का आग्रह भी किया।
सांसद ने जताई अन्य शहरों से जुडऩे की उम्मीद
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने हवाई सेवा शुरू होने पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय विमानन मंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर को वाराणसी सहित अन्य प्रमुख शहरों से जोडऩे के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी हवाई सेवा का शेड्यूल जारी किया गया है, हालांकि इसके लिए अभी डीजीसीए की अनुमति मिलना बाकी है। अनुमति मिलने के बाद इस मार्ग पर भी विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
पहले बंद हो चुकी हैं दिल्ली और कोलकाता की सेवाएं
एलायंस एयर ने मार्च 2026 में अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू की थी, लेकिन यात्रियों की कम संख्या के कारण सितंबर में दोनों सेवाएं बंद कर दी गईं। फिलहाल सोमवार और बुधवार को अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए दिल्ली के लिए फ्लाइट संचालित हो रही है।
बीते दिनों दिल्ली की उड़ान नियमित नहीं होने से यात्रियों की संख्या प्रभावित हुई थी। अब कंपनी के विमानों की तकनीकी समस्याएं दूर होने और संचालन नियमित किए जाने की जानकारी दी गई है। ऐसे में नई अंबिकापुर-हैदराबाद सेवा की सफलता काफी हद तक नियमित संचालन और यात्रियों की भागीदारी पर निर्भर करेगी।
