अर्णब चक्रवाती से फसलों को पहुंचा नुकसान कर्जमाफी की मांग तेज
डोंगरगढ़: अर्णब चक्रवाती तूफान और लगातार बारिश ने राजनांदगांव जिले के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। जिले के डोंगरगढ़, डोंगरगांव, छुरिया एवं राजनांदगांव विकासखंडों में तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। वहीं सब्जी उत्पादक किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव ग्रामीण के सचिव विष्णु लोधी ने कहा कि किसानों ने पूरे साल मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की थी। अब जब धान की फसल पककर कटाई के लिए तैयार थी, तब प्राकृतिक आपदा ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में गिरी धान की फसल के दाने खराब होने, अंकुरित होने तथा गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा है। इससे उत्पादन और बाजार में मिलने वाले दाम दोनों पर असर पड़ेगा। सब्जी उत्पादक किसानों की आजीविका भी प्रभावित हुई है। विष्णु लोधी ने कहा कि यह केवल फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की पूरे साल की मेहनत, लागत और परिवार की आर्थिक सुरक्षा पर संकट है। सरकार को इस विपदा में किसानों को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए।
शत-प्रतिशत बीमा क्षतिपूर्ति दिलाई
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि जिले के चारों विकासखंडों में तत्काल राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर गांव-गांव में फसल नुकसान का निष्पक्ष सर्वेक्षण कराया जाए। प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ उचित मुआवजा दिया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को शत-प्रतिशत बीमा क्षतिपूर्ति दिलाई जाए तथा सब्जी उत्पादक किसानों के नुकसान का भी आकलन कर राहत प्रदान की जाए। उन्होंने आगे कहा कि जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उनकी कृषि ऋण वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का संपूर्ण कृषि कर्ज माफ किया जाए। साथ ही किसानों को अगली फसल की तैयारी के लिए विशेष आर्थिक सहायता एवं राहत पैकेज दिया जाए। विष्णु लोधी ने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब किसान की फसल संकट में है, तब सरकार की पहली जिम्मेदारी किसान को आर्थिक सुरक्षा देना है। किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल राहत, उचित मुआवजा और न्याय मिलना चाहिए।

