ताजा खबर

युवा उत्सव में गूंजा लोककला का रंग : 308 प्रतिभागियों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

खैरागढ़: लोकनृत्य की थिरकन, लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियां, राक बैंड का जोश और नुक्कड़ नाटकों के जरिए सामाजिक सरोकारों की गूंज। कला, संस्कृति और रचनात्मकता के ऐसे ही रंगों से खैरागढ़ का युवा उत्सव गुलजार रहा। जिला स्तरीय युवा उत्सव में जिलेभर के 308 युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए साबित किया कि जिले में हुनर और रचनात्मकता की कोई कमी नहीं है। किसी ने लोककला के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया तो किसी ने चित्रकला, कहानी लेखन और आधुनिक कला माध्यमों से अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया। रविवार को राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, कैंपस-दो खैरागढ़ में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और आकर्षक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

नौ विधाओं में दिखा युवाओं का हुनर

युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कहानी लेखन, राक बैंड, पारंपरिक वेशभूषा, नुक्कड़ नाटक, रील चैलेंज एवं विकसित भारत चैलेंज ट्रैक जैसी विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। वहीं चित्रकला और कहानी लेखन में युवाओं की कल्पनाशीलता सामने आई। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता का संदेश दिया गया। राक बैंड और रील चैलेंज ने युवा उत्सव में आधुनिक अभिव्यक्ति के रंग भी भरे। 

लोकनृत्य में खगेश एवं साथी ने प्रथम तथा समीर एवं साथी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत में वीरेंद्र एवं साथी प्रथम और सनत एवं साथी द्वितीय रहे। चित्रकला में शिखा साहू प्रथम तथा सुशांत द्वितीय स्थान पर रहे। कहानी लेखन में पायल रजक ने प्रथम और खिलेश कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसी तरह राक बैंड में काव्य त्रिमेले एवं साथी प्रथम तथा फगेन्द्र एवं साथी द्वितीय रहे। पारंपरिक वेशभूषा में पूजा ने प्रथम और दीपिका नाग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में डेरहु एवं साथी प्रथम तथा हर्ष एवं साथी द्वितीय रहे। रील चैलेंज में कमलनारायण सेन प्रथम और भूपेंद्र जंघेल द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री शैलेंद्र त्रिपाठी, पूर्व सभापति घम्मन साहू, पार्षद अजय जैन, रूपेंद्र रजक, नीलिमा गोस्वामी, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र सिंह ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी पूजा पींचा तथा सहायक जिला खेल अधिकारी प्रिंकेश कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button