मोदी की सुरक्षा ड्यूटी से गैरहाजिर होमगार्ड की बर्खास्तगी का आदेश रद्द

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 4 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2016 में छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान सुरक्षा ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर बर्खास्त किए गए होमगार्ड जवान को हाईकोर्ट से राहत मिली है। जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद ने गजाधर कुमार नाग की बर्खास्तगी का आदेश रद्द करते हुए सेवा नियमों के अनुसार उन्हें बहाल करने का निर्देश दिया है।
कांकेर जिले के कोड़ाभाट निवासी गजाधर कुमार नाग छत्तीसगढ़ होमगार्ड में जवान थे। उन्हें 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2016 तक रायपुर में प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किया गया था। आरोप था कि वे ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए।
जवान का कहना था कि 26 अक्टूबर से 2 नवंबर 2016 तक वे मलेरिया और टाइफाइड से पीड़ित थे। उन्हें 26 अक्टूबर को कांकेर के शासकीय कोमल देव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 27 अक्टूबर को छुट्टी मिली थी। 2 नवंबर को उन्हें फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया गया था।
हाईकोर्ट ने पाया कि विभाग ने जवान को न तो कारण बताओ नोटिस दिया और न ही आरोपपत्र जारी कर विभागीय जांच कराई। उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका भी नहीं दिया गया।
राज्य सरकार की वैकल्पिक अपील का रास्ता उपलब्ध होने संबंधी दलील भी कोर्ट ने स्वीकार नहीं की। कोर्ट ने बर्खास्तगी का आदेश निरस्त कर दिया। अनुपस्थिति की अवधि का निपटारा मेडिकल दस्तावेजों और सेवा नियमों के अनुसार किया जाएगा।



