छत्तीसगढ़

श्मशान में तंत्र-मंत्र के शक में पिटाई, बाबा का हाथ तोड़ा, तीन गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 5 नवंबर। कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर में श्मशान घाट पर तंत्र-मंत्र करने के संदेह में एक युवक और उसके साथियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में शिवराम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है और एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक शिवराम साहू श्मशान के पास रहते हैं और गांव में पारंपरिक उपचार व आयुर्वेदिक दवाएं देते हैं। उनके बेटे संस्कार ने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे चंदू भार्गव शिवराम को श्मशान ले गया था। वहां शिवराम और उनके कुछ परिचित शराब पी रहे थे।

इसी दौरान कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे। श्मशान में लोगों को बैठे देखकर विवाद हुआ और उन पर तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। हमले में शिवराम को गंभीर चोटें आईं। उनके साथ मौजूद लोग मौके से भाग गए।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है, जिसमें कुछ लोग शिवराम और उनके साथी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कोनी थाने में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार उमेश सिंह ठाकुर, राजा यादव और नितेश यादव की संलिप्तता सामने आई है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button