छत्तीसगढ़

एआई से तस्वीरें बदलकर बदनाम करने और ब्लैकमेलिंग का आरोप, न्यूज पोर्टल संचालक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 7 नवंबर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर लोगों को बदनाम करने के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने न्यूज वेब पोर्टल द हनी बैजर न्यूज के संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन (46) को गिरफ्तार किया है। उसे रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से पकड़ा गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों, जिनमें उसका जीजा भी शामिल है, की तलाश जारी है।

महाराणा प्रताप नगर, तिफरा निवासी कारोबारी मणिशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि आरोपियों ने एआई तकनीक से उनकी तस्वीर बदलकर उन्हें तांत्रिक के रूप में दिखाया। इसके बाद पोर्टल और सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री प्रकाशित की गई, जिसमें उन पर युवतियों को वशीकरण और तंत्र-मंत्र के जरिए प्रभावित करने के आरोप लगाए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह सब उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने और ब्लैकमेलिंग के इरादे से किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी के निर्देश पर दीपक टंडन, कोमल प्रसाद चौबे और अन्य के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें न्यूज पोर्टल, विभिन्न संस्थानों और अधिकारियों से जुड़ी आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिली हैं। पुलिस को आशंका है कि इस सामग्री का इस्तेमाल लोगों को बदनाम करने और ब्लैकमेल करने के लिए किया जा रहा था।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button