छत्तीसगढ़

कथित चीनी जासूस से संबंधों के बीच एनवीडिया के शेयरों में भारी गिरावट

अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया के शेयर नियमित कारोबार की ट्रेडिंग में बुधवार को करीब 8 फ़ीसदी गिर गए.

यह गिरावट कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग के एक और कथित प्रेम संबंध की रिपोर्ट सामने आने के बाद हुई.

इससे पहले वॉल स्ट्रीट पर दिन का कारोबार कंपनी के शेयरों में बढ़त के साथ बंद हुआ था.

न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट किया है कि हुआंग का एनवीडिया की एक कर्मचारी के साथ भी प्रेम संबंध था. इससे पहले एक ऐसी महिला के साथ उनके संबंधों का मामला सामने आया था, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप है.

वॉल स्ट्रीट जर्नल और फ़ाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्टों के मुताबिक़, कंपनी का बोर्ड अब विचार कर रहा है कि हुआंग सीईओ के पद पर बने रहेंगे या नहीं.

एनवीडिया ने पहले मामले की जांच के लिए मंगलवार को एक बड़ी अमेरिकी लॉ फ़र्म को नियुक्त किया था. कंपनी के बोर्ड ने इससे पहले हुआंग का समर्थन किया था.

बोर्ड का कहना था कि उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि उस मामले में कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ है.

बुधवार देर शाम तक बोर्ड ने कोई नया बयान जारी नहीं किया था. कंपनी के कई प्रतिनिधियों और बोर्ड सदस्यों से संपर्क करने की कोशिशों पर भी जवाब नहीं मिला था.

एनवीडिया की चिप का इस्तेमाल आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस यानी एआई सिस्टम, डेटा सेंटर, वीडियो गेम और बिना ड्राइवर वाली गाड़ियों जैसी तकनीकों में होता है.

एआई के क्षेत्र में चीन से आगे रहने की अमेरिकी कोशिशों में इन चिप की अहम भूमिका है.

अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए 2022 से एनवीडिया की सबसे उन्नत चिप के चीन को निर्यात पर पाबंदियां लगाई हैं. हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल में कुछ पाबंदियों में ढील दी गई है.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button