छत्तीसगढ़

‘छत्तीसगढ़’ का संपादकीय : अमरीका की सारी उड़ानें एक साथ थम जाने को लेकर सबक की जरूरत..

अमरीकी वक्त से बीती शाम कल वहां सरकार ने चार घंटे तमाम उड़ानें रवाना होना रोक दिया। जो विमान उतरे हुए थे, उन्हें भी किनारे तक नहीं आने दिया गया, और सभी को खड़ा रखा गया। चार घंटे तक ऐसा चलने के बाद दस हजार के करीब उड़ानें लेट हो चुकी थीं, पांच हजार से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी थीं, तब सरकार ने दुबारा विमानसेवा शुरू करने की इजाजत दी। सरकार की तरफ से कहा गया है कि किसी साइबर हमले या खतरे के कारण ऐसा नहीं किया गया, बल्कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल में गड़बड़ी आने से ऐसा हुआ है। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद देश में यह दूसरी बार उड़ानें इस तरह रोकी गईं। 2023 में भी एक बार तकनीकी खराबी से घरेलू उड़ानें रोकी गई थीं। लेकिन अभी सरकार ने संसद से कहा है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल के पुराने ढांचे को बदलने के लिए अतिरिक्त बजट मंजूर करे, ताकि ऐसी नौबत फिर न आए। यह वक्त अमरीका में सालाना समारोहों का है, और लोग सामान्य से अधिक संख्या में सफर करते हैं। अब अंदाज है कि दसियों लाख मुसाफिरों के सफर पर इस गड़बड़ी का फर्क पड़ेगा। फिर भी सरकार ने साइबर हमले या किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की भी जांच का विकल्प खुला रखा है। अमरीका आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी इतने घंटों सब कुछ बंद रहने का बड़ा असर पड़ा है।

सरकारों से यह उम्मीद नहीं की जाती कि वे हमेशा सब कुछ सच कहें। एक पुरानी कहावत को नए अंदाज में कहें, तो झूठ तीन तरह के होते हैं, झूठ, सफेद झूठ, और सरकारी बयान। आज दुनिया भर के देशों पर तरह-तरह के साइबर हमले हो रहे हैं। खुद अमरीकी जांच एजेंसी एफबीआई ने अभी यह आरोप लगाया है कि अमरीका के क्रिप्टोकरेंसी कारोबार पर हुए साइबर-हमले के पीछे उत्तर कोरिया के हैकर हैं। इस हमले में अरबों-खरबों लूट लिए गए हैं। हाल के हफ्तों में साइबर-हमलों में फ्रांस के देश भर में बिखरे हुए सुपर बाजारों के फ्रिज और फ्रीजर में ठंडी हालत में रखे गए खाने-पीने के सामान खराब हो गए जब किसी ने साइबर हैकिंग से देश भर के ऐसे सारे फ्रिज-फ्रीजर का तापमान बढ़ाकर उबलने जैसा कर दिया। ये सारे फ्रिज एक ही सॉफ्टवेयर से नियंत्रित होते थे जिसमें घुसपैठ करके यह गड़बड़ी की गई। इसके अलावा बीते एक-दो बरस में कई और देशों में तरह-तरह के साइबर-हमले हुए हैं। अभी ऐसे हमले सामने नहीं आए हैं जिनमें एआई का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया हो, लेकिन वैसा दिन बहुत दूर भी नहीं है।

इससे परे अभी बीते दो दिनों से दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी, माइक्रोसॉफ्ट के ईमेल और मीटिंग एप्लीकेशन ठप्प पड़ गए थे, और दुनिया में लाखों ऑनलाइन बैठकें रद्द हो गईं, लोग 20-20 घंटे अपना खुद का ईमेल बॉक्स नहीं खोल पाए, और इस कंपनी के आउटलुक ईमेल से जुड़े हुए कारोबार भारी परेशानी में फंसे रहे। अभी तक यह कंपनी यह नहीं सुलझा पाई है कि यह गड़बड़ी कैसे हुई, और अगली बार यह गड़बड़ी न हो, इसके लिए क्या किया जा सकता है। अब यह हाल दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट का है, जिसके सॉफ्टवेयर पर दुनिया के अधिकतर कम्प्यूटर चलते हैं, वही अपना घर नहीं बचा पा रही है। यह हालत तो तब है, जब यह उसकी घरेलू गड़बड़ी है, अगर यह कोई बाहरी हमला होता, तो तबाही और भी बहुत बुरी हो सकती थी।

दुनिया को यह समझना होगा कि जैसे-जैसे रोबट कहे जाने वाले मशीन-मानव का चलन बढ़ते चलेगा, जैसे-जैसे उसे चलाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का इस्तेमाल बढऩे लगेगा, वैसे-वैसे सब कुछ नाजुक होते चलेगा। पता लगेगा कि एक रोबट कोई सामान पहुंचाने जा रहा है, और उसके नियंत्रण पर हैकिंग करके उस सामान की जगह उसे कोई और सामान थमा दिया जाए। अब कल ही मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में एक आदमी ने अपने ही दोस्त को ऐसा रसगुल्ला खिला दिया जिसके भीतर सुअर मारने वाला बम था। रसगुल्ला चबाते ही मुंह में फटा, और वह आदमी मर गया। अब अगर मशीनों से जाने वाले सामानों में कोई ऐसी छेडख़ानी कर दे, तो क्या होगा? इसके अलावा दवा कंपनियों में बनने वाले टीके, वहां एक खास तापमान पर रखी जाने वाली दवाएं, अस्पतालों और चिकित्सा-प्रयोगशालाओं के फ्रिज, इन सबको अगर साइबर-हमले से गड़बड़ कर दिया जाए, तो कितनी तबाही नहीं होगी? अभी दो दिन में ही माइक्रोसॉफ्ट के कुछ एप्लीकेशन ठप्प होने से पश्चिमी दुनिया में लाखों मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड उनके डॉक्टर दूसरे विशेषज्ञ डॉक्टरों को नहीं भेज पाए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button