माशिमं 10-12 वीं की परीक्षाओं की समय सारिणी पर कल निर्णय

परीक्षा समिति की बैठक बुलाई गई
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 15 नवंबर ।छत्तीसगढ़ माशिमं 10-12 वीं की परीक्षाओं की समय सारिणी पर कल निर्णय ले सकता है। मंडल अध्यक्ष श्रीमती रेणु पिल्ले ने कल 16 नवंबर को समिति की बैठक बुलाई है।
सूत्रों के अनुसार यह परीक्षाएं पिछले वर्षों की तरह मार्च के पहले सप्ताह से शुरू होकर माहांत तक आयोजित की जा सकती हैं। इस वर्ष जनगणना कार्य की वजह से देश के कई राज्यों में परीक्षाएं फरवरी में ली जा रही हैं। इसे देखते हुए मंडल मुख्यालय और शिक्षा विभाग में परीक्षाएं समय से पहले होने की चर्चाएं थीं। यह कार्य 22 जनवरी से 25 फरवरी तक होगा और उसके बाद 5 मार्च तक इस कार्य में लगे शिक्षकों को अपनी रिपोर्ट जमा करना है। जनगणना में करीब 60 हजार शिक्षक संलग्न किए गए हैं। और फिर निजी स्कूलों के शिक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे। इसे देखते हुए मंडल छत्तीसगढ़ में परीक्षाएं जनगणना के बाद ही आयोजित करने पर विचार कर रहा है। इस पर मुहर कल की बैठक में लगने के संकेत हैं। सूत्रों ने बताया कि परीक्षाएं 10 मार्च रमजान से पहले शुरू कर मार्च अंत तक पूरी कराई जा सकती हैं।
मंडल इस समय दोनों परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों के पंजीयन और फार्म भरवाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
वहीं दूसरी ओर सीबीएसई, आईसीएसई समेत मप्र, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र,कर्नाटक, तमिलनाडु जैसे राज्यों ने समय सारिणी घोषित कर दिया है। वहीं राजस्थान ने भी फरवरी में परीक्षा न लेने का निर्णय लिया है।
शुल्क बढ़ाया
माशिमं ने परीक्षा शुल्क में वृद्धि के साथ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन (Evaluation) और ड्यूटी करने वाले शिक्षकों/कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि कर दी है।इसके अनुसार कक्षा 10वीं: प्रति कॉपी मूल्यांकन शुल्क ₹25 से बढ़ाकर ₹35 कर दिया गया है।कक्षा 12वीं: प्रति कॉपी मूल्यांकन शुल्क ₹45 से बढ़ाकर ₹55 कर दिया गया है। इसके अलावा हेड एग्जामिनर, मॉडरेटर्स और लिपिकीय स्टाफ के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है।



