‘तमिलनाडु सबसे पहले’: ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं से बातचीत के बाद स्टालिन ने परिसीमन विधेयक का समर्थन किया
चेन्नई, 29 नवंबर। द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने रविवार को जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी का रुख तमिलनाडु सबसे पहले का है और आगामी परिसीमन विधेयक का समर्थन करना ही अगले 25 वर्षों तक राज्य की राजनीतिक ताकत की रक्षा करने का एकमात्र तरीका है।
स्टालिन की यह टिप्पणी विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं के साथ बैठक के बाद आई। बैठक में नेताओं ने उन्हें इस मुद्दे पर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने के अपने पहले के फैसले को वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित इंडिया गठबंधन के कई नेताओं ने चेन्नई में स्टालिन के आवास पर उनसे मुलाकात की।
चेन्नई में संवाददाताओं द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या राष्ट्रीय नेताओं के साथ बैठक द्रमुक के विधेयक को समर्थन संबंधी रुख में किसी बदलाव का संकेत है, स्टालिन ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, कल, आज और हमेशा हमारा रुख एक ही है : तमिलनाडु सबसे पहले।
स्टालिन ने कहा कि उन्होंने विपक्षी नेताओं को शनिवार को द्रमुक सांसदों की बैठक में पारित प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही द्रमुक की ओर से उठाई गई मांगों को नए विधेयक में शामिल किया गया है।
स्टालिन ने कहा, उन्होंने इन मांगों को स्वीकार किया, हालांकि कुछ अन्य मुद्दे भी उठाए, जिन्हें हमने सुना।
विधेयक के समर्थन के पीछे द्रमुक के तर्क को स्पष्ट करते हुए स्टालिन ने कहा कि इस कानून को पारित होने से रोकने पर तमिलनाडु न्यूनतम संरक्षण उपायों से भी वंचित हो जाएगा।
उन्होंने कहा, भविष्य में होने वाली किसी भी जनगणना के आधार पर परिसीमन किया गया तो तमिलनाडु निश्चित रूप से प्रभावित होगा। लोकसभा में हमारी मौजूदा सीटों का प्रतिशत घट जाएगा, जिससे न केवल तमिलनाडु का राजनीतिक महत्व और ताकत प्रभावित होगी, बल्कि पूरे दक्षिणी राज्यों की स्थिति पर भी असर पड़ेगा।
स्टालिन ने इस मुद्दे को राज्य आधारित राजनीतिक दलों, खासकर दक्षिण भारत के दलों के लिए करो या मरो की लड़ाई बताते हुए कहा कि विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
द्रमुक अध्यक्ष ने कहा कि उनसे मिलने आए नेताओं ने भी कोई वैकल्पिक योजना पेश नहीं की। उन्होंने कहा, संसद में अपनी मौजूदा ताकत के दम पर हमने अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु के राजनीतिक प्रभाव को सुरक्षित किया है। जोखिम उठाने या भावनाओं में बहकर फैसले करने की कोई गुंजाइश नहीं है।
द्रमुक के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं।


