छत्तीसगढ़

SECL सीएमडी हरीश दुहन ने गेवरा और दीपका खदानों का किया निरीक्षण, सुरक्षित उत्पादन और मशीनों के बेहतर उपयोग पर दिया जोर

कोरबा, 29 नवंबर 2026। एसईसीएल (SECL) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने गेवरा और दीपका मेगा परियोजनाओं का दौरा कर खनन गतिविधियों एवं उत्पादन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षित खनन, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, कोयला प्रेषण और उपलब्ध मशीनों व संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही भू-स्वामियों से जुड़े मामलों और विस्थापन संबंधी कार्यों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

गेवरा परियोजना के निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने विभागीय पैच के विभिन्न वर्किंग फेस का जायजा लिया। उन्होंने मशीनों की क्षमता का अधिकतम उपयोग करने और हॉल रोड के उचित रखरखाव एवं प्रबंधन पर अधिकारियों से चर्चा की। इसके अलावा देव माइनिंग एवं पीएनसी के संविदात्मक पैचों में उत्पादन, कोयला प्रेषण, मशीनों की तैनाती, जल प्रबंधन और पंपिंग व्यवस्था की समीक्षा की।

इस दौरान रलिया, नरईबोध और भिलाई बाजार के भू-स्वामियों से जुड़े मामलों पर उन्होंने संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भू-स्वामियों से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

दीपका परियोजना में सीएमडी ने विभागीय और आउटसोर्सिंग पैचों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय मशीनों के अधिकतम उपयोग, बेहतर कार्ययोजना और आपसी समन्वय के माध्यम से उत्पादन, उत्पादकता एवं कोयला प्रेषण बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं हरदी बाजार के विस्थापन से जुड़े कार्यों का भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा करने तथा प्रभावित परिवारों का विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए।

सीएमडी हरीश दुहन ने दोनों परियोजनाओं में आगामी मानसून की तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्षाकाल के दौरान भी खदानों का सुरक्षित और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए जल निकासी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।

निरीक्षण के दौरान गेवरा के महाप्रबंधक अशोक कुमार, दीपका के महाप्रबंधक शरद तिवारी सहित दोनों परियोजनाओं के अधिकारी एवं संबंधित टीमें मौजूद रहीं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button