पटवारियों के आंदोलन के समर्थन में फेडरेशन, 18 को प्रदेशभर में आक्रोश रैली

लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते के एरियर्स सहित भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 15 नवंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की आज आपातकालीन वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन एवं प्रदेश के शासकीय सेवकों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते के भुगतान के मुद्दे पर विस्तारपूर्वक के उपरांत फेडरेशन ने आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया।
बैठक में पटवारियों के आंदोलन को दबाने के लिए एसीबी की कार्रवाई सहित विभिन्न प्रकार के हथकंडे अपनाए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की गई तथा इस संबंध में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। फेडरेशन ने निर्णय लिया कि मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से भेंट कर पटवारियों के आंदोलन के दौरान की गई समस्त दंडात्मक कार्यवाहियों को निरस्त करने तथा उनकी जायज मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की जाएगी।
इसी क्रम में प्रदेश के शासकीय सेवकों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग को लेकर आंदोलन का शंखनाद करने का निर्णय लिया गया।
फेडरेशन के प्रमुख आंदोलनात्मक निर्णय इस प्रकार हैं
1. 18 नवंबर को प्रदेश के समस्त जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में आक्रोश रैली ।
2. आक्रोश रैली के उपरांत जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
3. मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल भेंट कर पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्यवाहियों को निरस्त करने तथा उनकी जायज मांगों का निराकरण करने की मांग करेगा।
4. शासकीय सेवकों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग की जाएगी।
5. यदि शासन द्वारा उक्त मांगों का शीघ्र सकारात्मक निराकरण नहीं किया जाता है, तो फेडरेशन आगामी चरण में एक दिवसीय प्रांतव्यापी आंदोलन करेगा।


