छत्तीसगढ़

मध्य प्रदेश: मेले में फास्टफूड खाने से 100 से अधिक बच्चे बीमार, 45 अस्पताल में भर्ती

-विष्णुकांत तिवारी

मध्य प्रदेश के बालाघाट ज़िले में एक गांव के मेले में मंचूरियन और चाउमीन जैसे फास्टफूड खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई.

बच्चों को पेट दर्द और उल्टी होने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

इनमें से 45 बच्चों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

यह घटना शनिवार, 21 नवंबर को बालाघाट ज़िले के किरनापुर क्षेत्र के हिर्री गांव में आयोजित मेले की है.

बच्चों के अलावा 12 वयस्कों को भी ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बालाघाट के कलेक्टर आदित्य सिंह ने पत्रकारों को बताया, मेले में फ़ास्ट फूड खाने के बाद कई बच्चों और कुछ लोगों ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की थी. पहले स्थानीय अस्पताल में जांच की गई. जिन बच्चों को लगा कि ऑब्जर्वेशन में रखना चाहिए ऐसे 45 बच्चों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फ़िलहाल सभी की हालत स्थिर है.

हिर्री गांव में आयोजित एक स्थानीय मेले में कई फ़ास्ट फूड स्टॉल लगाए गए थे.

मेले में पहुंचे कई बच्चों ने इन स्टॉल से मंचूरियन और चाउमीन खाई थी. इसके कुछ समय बाद उन्हें पेट दर्द और उल्टी होने लगी.

बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर ले जाया गया.

वहां प्राथमिक उपचार के बाद 45 बच्चों को बालाघाट ज़िला अस्पताल रेफर किया गया.

बीमार बच्चों में से एक बच्चे की मां सोमवती ने बताया कि, मेले में चाइनीज़ खाने के बाद बच्चों को उल्टियां और दस्त होने लगे. हम लोग पहले बच्चों को गांव के एक डॉक्टर के पास ले गए. वहां से फिर उन्हें किरनापुर ले जाया गया, जहां इलाज के बाद मेरे बच्चे और कई बच्चों को बालाघाट भेजा गया.

एक अन्य महिला उषा भी अपने बच्चों के साथ मेले में गई थीं.

उन्होंने बताया कि मंचूरियन और चाउमीन वगैरह बच्चों ने खाया था जिसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे लगातार उल्टियां करने लगे.

इस घटना के बाद मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं. प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.

ज़िला कलेक्टर ने कहा कि, हमने उन ठेलों और वहां बिक रहे खाद्य पदार्थों को जब्त किया गया. फूड सेफ्टी की टीम भी जांच कर रही है. व्यंजनों की जो स्थायी दुकानें हैं उनकी सैंपलिंग हम करवाते रहते हैं, अब मेलों में भी इस चीज़ का कठोरता से पालन किया जाएगा.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button