BREAKING: SBI बाल्को शाखा में 93.60 लाख रुपये के गबन का मामला: छह साल बाद तत्कालीन मुख्य प्रबंधक झारखंड से गिरफ्तार
कोरबा, 28 नवंबर 2026। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की कोरबा जिले की बाल्को शाखा में करीब 94 लाख रुपये के कथित गबन के छह साल पुराने मामले में छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB/EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने मामले के आरोपी और बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक के विभिन्न खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैध रूप से अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में स्थानांतरित करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त की गई है।
एसीबी/ईओडब्ल्यू से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसबीआई के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय कोरबा के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में रायपुर स्थित ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बाल्को शाखा में वित्तीय अनियमितताओं और बैंक की राशि के गबन का आरोप लगाया गया था। जांच में सामने आया कि सुनील कुमार झा एक जून 2018 से एक अगस्त 2019 तक बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। आरोप है कि इस दौरान उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के विभिन्न खातों से 93,60,797 रुपये अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के खातों में स्थानांतरित किए।
शिकायत के आधार पर वर्ष 2020 में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 07/2020 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 409 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने बाल्को शाखा के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते के बैंक स्टेटमेंट जब्त किए। इसके अलावा संबंधित खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट तथा मूल बैच ट्रांसफर और डेबिट वाउचर भी जांच के लिए जब्त किए गए।
दस्तावेजों के परीक्षण में बैंक के बीजीएल खातों से राशि डेबिट कर अन्य खातों में स्थानांतरित किए जाने की जानकारी सामने आई। ब्यूरो के अनुसार, संबंधित वाउचर आरोपी द्वारा तैयार किए गए थे। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए) एवं 13(2) तथा भारतीय दंड विधान की धाराएं 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गईं।
एसीबी बिलासपुर की टीम आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में उसे झारखंड के दुमका जिले के राखाबानी, रसीकपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को पहले दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर की गई।
फिलहाल एसीबी/ईओडब्ल्यू मामले की आगे की विवेचना कर रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कथित गबन, बैंक खातों में राशि के हस्तांतरण और संबंधित वित्तीय लेनदेन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।


