कोई भी पार्टी लोकसभा व राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू होने से नहीं रोक सकती : मोदी
नयी दिल्ली, 28 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी और इसका विरोध करने वाले राजनीतिक दल अपने इरादे में सफल नहीं होंगे।
अगले हफ्ते आहूत संसद की विशेष बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर होने वाली चर्चा और उन्हें पारित कराने की सरकार की कोशिश से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो संदेश में कहा कि देश की नारी शक्ति से एक वादा किया गया है और सरकार उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को 132वें संविधान संशोधन विधेयक, 2026 को मंजूरी दी जिसमें लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से 815 तक और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। इसके साथ ही, इसमें राज्य विधानसभाओं के लिए भी अधिकतम सदस्य संख्या की सीमा को 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
मोदी ने कहा, नारी शक्ति को सशक्त बनाने का हमारा संकल्प अडिग है। मैं देश की हर महिला को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि महिलाओं के आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को हम निश्चित रूप से दूर करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विधेयक का समर्थन करने वालों का हौसला बुलंद है, हमारा साहस अटूट है और हमारा संकल्प अडिग है।
उन्होंने कहा, महिलाओं के आरक्षण का विरोध करने वाले दल, देश की नारी शक्ति को संसद और राज्य विधानसभाओं में अपनी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगे। यह बस समय की बात है।
मोदी ने कहा कि विधायिका में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई दशकों से जारी है और वह उन लोगों में से हैं जो इसे साकार करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई महिलाएं उनके सामने यह मुद्दा उठाती रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, मुझे पता है कि देश की शत प्रतिशत महिला शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है।
परिसीमन के जरिए महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने की कोशिश को विपक्ष द्वारा नाकाम किए जाने के सात महीने बाद, मोदी सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। इस विधेयक में लोकसभा और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की प्रत्येक विधानसभाओं में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 प्रतिशत सीट बढ़ाने का प्रस्ताव है।
सरकार को भरोसा है कि तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) से अलग हुए सांसद इस मुद्दे पर उसका साथ देंगे। सरकार को कांग्रेस से अलग हुई द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भी साथ आने की उम्मीद है जिन्होंने अप्रैल में विधेयक का विरोध किया था।(भाषा)

