ई-साक्ष्य, क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम में छगपु मात्र तीन माह में राष्ट्रीय स्तर पर 9वें स्थान पर

छगपु और एचएनएलयू का एक दिवसीय समिट
रायपुर, 26 नवंबर। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ पुलिस एवं हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय समिट में शामिल हुए। रिफॉर्म टू रियलिटी : छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन विषय पर आयोजित समिट में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, न्यायविदों एवं विधि शिक्षाविदों ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यावहारिक चुनौतियों, वैज्ञानिक विवेचना एवं आपराधिक न्याय प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि ई-साक्ष्य एवं क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस ने मात्र तीन माह में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंचकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब छत्तीसगढ़ की पुलिस को नए आपराधिक कानूनों के अनुसार पूर्णतः डिजिटल न्याय व्यवस्था वाला राज्य बनाना है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने छत्तीसगढ़ पुलिस के नेतृत्व एवं कार्यों की सराहना की।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए डिजिटल साक्ष्यों के प्रबंधन, ई-साक्ष्य एवं आधुनिक विवेचना पद्धतियों को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।
35 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों का क्षमता संवर्धन
डीजी (प्रशिक्षण) एवं राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जी.पी. सिंह ने बताया कि अब तक विभिन्न स्तरों के 35 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसे प्रावधानों को आम नागरिकों के लिए न्याय की पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं नए आपराधिक कानूनों की मसौदा समिति के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रणबीर सिंह की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत भारतीय पुलिस सेवा, राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों सहित मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं नवनियुक्त उप पुलिस अधीक्षकों तथा उप निरीक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं पुनश्चर्या पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
वैज्ञानिक विवेचना और दोषसिद्धि दर में वृद्धि पर विशेषज्ञों ने किया मंथन
समिट के दौरान तीन विशेष तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा ने एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों में साक्ष्य संकलन, जब्ती की प्रक्रिया, वैधानिक प्रावधानों एवं प्रक्रियागत त्रुटियों को दूर करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
पूर्व न्यायाधीश दीपक कुमार तिवारी ने आपराधिक न्याय प्रणाली में पुलिस अधिकारियों की भूमिका एवं विवेचना की गुणवत्ता और शुचिता बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक न्यायालय के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अधूरी विवेचना, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की छूटी हुई कड़ियों एवं फोरेंसिक रिपोर्ट में विलंब का न्यायिक निर्णयों पर पड़ने वाले प्रभावों के संबंध में जानकारी दी।
प्रदेशभर के लगभग 35 हजार पुलिसकर्मी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े
समिट में प्रदेशभर से लगभग 300 पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। वहीं यूट्यूब के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे प्रदेश के सभी जिलों के लगभग 35 हजार पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अभियोजन और फोरेंसिक विभाग के अधिकारी भी जुड़े।
इस अवसर पर एडीजी दीपांशु काबरा, आईजी ओ.पी. पाल, डीआईजी सुजीत कुमार, राज्य पुलिस अकादमी के एसएसपी डॉ. अभिषेक पल्लव, श्रीमती सोनिया उके, शुभम तोमर कार्यक्रम का समन्वय हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव एवं सेंटर फॉर कम्पैरेटिव लॉ के प्रमुख अभिनव के. शुक्ला ने किया।


