छत्तीसगढ़

धान खरीदी के बीच सहकारिता विभाग में बड़ा फेरबदल, 28 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला; कोरबा के 2 सहकारी निरीक्षक भी प्रभावित

  • 7 उप आयुक्त एवं उप पंजीयक, 8 सहायक पंजीयक और 9 सहकारी निरीक्षकों सहित 28 अधिकारियों-कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी, कोरबा में पहले से रिक्त पदों के बीच अमला और घटा; धान खरीदी से लेकर समितियों के पंजीयन, ऑडिट और निर्वाचन कार्य प्रभावित होने की आशंका

रायपुर/कोरबा, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान के बीच सहकारिता विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गुरुवार को सहकारिता विभाग के अवर सचिव की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में 28 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला किया गया है। इसमें 7 उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक (DR), 8 सहायक पंजीयक (AR), 3 सहकारिता विस्तार अधिकारी (CEO), 9 सहकारी निरीक्षक (CI) और एक सहायक ग्रेड-2 के कर्मचारी शामिल हैं।

धान खरीदी के बीच हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से विभागीय महकमे में हलचल मच गई है। वहीं, पहले से ही अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे जिलों में इस आदेश के बाद कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। खासकर कोरबा जिले में दो सहकारी निरीक्षकों के स्थानांतरण से विभागीय अमले की कमी और बढ़ गई है।

प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। ऐसे समय में सहकारिता विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले को लेकर विभागीय स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने की कार्रवाई मान रहे हैं, तो वहीं धान खरीदी शुरू होने के बाद अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित किए जाने के बीच हुए तबादलों पर सवाल भी उठ रहे हैं।

जारी आदेश के मुताबिक सभी स्थानांतरित अधिकारी-कर्मचारियों को पांच दिनों के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समय में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में उन्हें एकपक्षीय भारमुक्त माना जाएगा।

कोरबा में दो सहकारी निरीक्षकों का तबादला, छह पर सिमटा अमला

सहकारिता विभाग के इस स्थानांतरण आदेश का असर कोरबा जिले पर भी पड़ा है। कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं कोरबा में पदस्थ सहकारी निरीक्षक लक्ष्मीनारायण जायसवाल और भूपेंद्र साहू का तबादला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में किया गया है। दोनों अधिकारी कोरबा में क्रमशः करतला और पाली विकासखंड के सहकारिता विस्तार अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

लक्ष्मीनारायण जायसवाल का स्थानांतरण सहकारिता विस्तार अधिकारी, विकासखंड पेंड्रा के पद पर किया गया है। वहीं भूपेंद्र साहू को भी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सहकारिता विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।

कोरबा जिले में सहकारिता विभाग के स्वीकृत सेटअप के अनुसार कुल 34 पद हैं। इनमें एक उप पंजीयक, एक सहायक पंजीयक, एक अंकेक्षण अधिकारी, चार वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक, सात सहकारी निरीक्षक, पांच सहकारिता विस्तार अधिकारी, सात उप अंकेक्षक, तीन सहायक ग्रेड-3, दो सहायक ग्रेड-2, एक सहायक ग्रेड-1 और तीन भृत्य के पद शामिल हैं।

लेकिन जिले में पहले से ही पदों की भारी कमी बनी हुई है। स्थानांतरण से पहले महज नौ पदों पर अधिकारियों की पदस्थापना थी। इनमें एक उप पंजीयक, दो वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक और छह सहकारी निरीक्षक शामिल थे। सहायक पंजीयक, अंकेक्षक, उप अंकेक्षक, सहकारिता विस्तार अधिकारी और लिपिकीय संवर्ग के पद पहले से रिक्त हैं।

अब दो सहकारी निरीक्षकों के तबादले के बाद जिले में उप पंजीयक समेत केवल सात अधिकारी रह जाएंगे। इनमें दो वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक दीपक कंवर और संतोष कंवर तथा चार सहकारी निरीक्षक हरि चौहान, जीडी पांडे, सुष्मिता लकड़ा और सुभद्रा सिदार शामिल हैं।

60 समितियों का कामकाज, अधिकारियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी

कोरबा जिले में कुल 60 प्राथमिक सहकारी समितियां हैं। इनमें से 39 समितियों में संचालक मंडल का चुनाव नहीं हो पाने और शासन की ओर से अशासकीय व्यक्तियों को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त नहीं किए जाने के कारण विभागीय अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मौजूदा व्यवस्था में एक-एक वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक और सहकारी निरीक्षक को पांच से सात समितियों तक का प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है। ऐसे में पहले से सीमित अमले पर समितियों के संचालन और अन्य विभागीय कार्यों का दबाव बना हुआ है।

अब करतला और पाली विकासखंड का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे दोनों सहकारी निरीक्षकों के स्थानांतरण के बाद इन विकासखंडों का कामकाज भी प्रभावित होने की आशंका है। शेष अधिकारियों के जिम्मे प्राथमिक सहकारी समितियों के पंजीयन, ऑडिट, निर्वाचन, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों के साथ धान खरीदी से जुड़े दायित्व भी रहेंगे।

धान खरीदी से लेकर ऑडिट और निर्वाचन तक पड़ सकता है असर

सहकारी निरीक्षकों के तबादले से कोरबा जिले में सहकारिता विभाग के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वर्तमान में धान खरीदी का महत्वपूर्ण कार्य जारी है। इसके अलावा प्राथमिक सहकारी समितियों के पंजीयन, ऑडिट, निर्वाचन और वित्तीय व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी इसी विभाग के पास है।

लिपिकीय संवर्ग के पद रिक्त होने के कारण सहकारी निरीक्षक पहले से ही कई लिपिकीय कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। ऐसे में अधिकारियों की संख्या और घटने से प्रशासनिक, वित्तीय और लिपिकीय कार्यों का दबाव बढ़ सकता है।

वहीं दिसंबर-जनवरी तक दो सहकारी निरीक्षकों के वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने की संभावना भी जताई जा रही है। यदि पदोन्नति के बाद उनका भी अन्यत्र स्थानांतरण होता है तो जिले में सहकारिता विभाग के सामने और गंभीर स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसे में विभागीय कामकाज सुचारू रखने के लिए रिक्त पदों पर जल्द नई पदस्थापना की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

तबादला सूची में राजनीतिक अनुशंसाओं की भी चर्चा

सहकारिता विभाग में एक साथ 28 अधिकारी-कर्मचारियों के स्थानांतरण को लेकर राजनीतिक दखल की चर्चाएं भी तेज हैं। विश्वस्त सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई में जनप्रतिनिधियों की अनुशंसाओं की भी भूमिका रही है। हालांकि, स्थानांतरण आदेश में इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण अभियान के बीच हुए इस फेरबदल के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहले से अमले की कमी से जूझ रहे जिलों में विभागीय कार्यों का संचालन किस तरह होगा और रिक्त पदों की भरपाई के लिए शासन कब तक नई पदस्थापना करेगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button