25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जनगणना

रायपुर, 27 नवंबर।छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य 28 फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके लिए प्रदेशभर में 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी। नागरिक 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना कर सकेंगे, जो पूरी तरह ऐच्छिक होगी, अनिवार्य नहीं। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। एक से पांच मार्च तक पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।
जनगणना की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। उन्होंने संभागायुक्तों, कलेक्टरों एवं जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित गणना सुनिश्चित करने, कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय करने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए। कार्यशाला में भारत की उप रजिस्ट्रार जनरल श्रीमती वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, जनगणना निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल सहित प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
श्रीमती वृषाली वराडे ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की गई है, जबकि द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी संकलित होगी। इसमें प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म एवं जाति सहित विभिन्न जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। जनगणना के आंकड़े देश और राज्यों की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने प्रगणकों के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, नागरिकों से सहज संवाद और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही जिला अधिकारियों से सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने तथा भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों का तत्काल खंडन करने की अपील की।
मुख्य सचिव ने कहा कि नागरिकों को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी का उपयोग केवल आंकड़ों के संकलन के लिए किया जाता है। इसका किसी प्रमाण पत्र अथवा शासकीय पात्रता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी का उपयोग केवल आंकड़ों के संकलन के लिए किया जाता है। इसका किसी प्रमाण पत्र अथवा शासकीय पात्रता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। अपर मुख्य सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने विशेष रूप से बस्तर के हाट-बाजारों सहित ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नागरिकों का सहयोग प्राप्त करने पर जोर दिया।
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने बताया कि प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर पालिक निगमों, 19,978 गांवों एवं 195 नगरों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 800 की जनसंख्या शामिल होगी। प्रथम चरण के मकान सूचीकरण ब्लॉकों को गणना ब्लॉकों में परिवर्तित किया जाएगा। अधिक जनसंख्या वाले ब्लॉकों को आवश्यकतानुसार उप-गणना ब्लॉकों में बांटा जाएगा। नए बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों तथा आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा। ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, क्षेत्रों के दोहराव और छूटी हुई बसाहटों का निराकरण 30 नवंबर तक करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनगणना कर्मियों की तैयारी के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण होगा।
जनगणना के लिए विकसित विशेष मोबाइल एप 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी इसके माध्यम से ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (Census Management and Monitoring System-CMMS) पोर्टल से गणना ब्लॉकों का गठन, कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और प्रगति की निगरानी की जाएगी। व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता एवं सुरक्षा के लिए पासवर्ड, वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
जनगणना के दोनों चरणों में कार्य करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कुल 25 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा, जिसमें द्वितीय चरण के लिए 16 हजार रुपये निर्धारित हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 600 रुपये देने का प्रावधान भी है।


