सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दलबीर सिंह सिदार ने दी शिक्षा दान
बिलाईगढ़ : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरसुला, विकासखंड बिलाईगढ़ में शिक्षा दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्या की देवी माँ सरस्वती की काष्ठ मूर्ति पर दीप प्रज्ज्वलित, पूजन कर सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तत्पश्चात् दलबीर सिंह सिदार उप कोषालय अधिकारी बिलाईगढ़ का निर्मल कुमार खूंटे सहायक ग्रेड 2 एवं नीलेश बर्मन शाला नायक द्वारा बुके भेंटकर स्वागत किया गया।कार्यक्रम में दलबीर सिंह सिदार, उप कोषालय अधिकारी बिलाईगढ़ द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को उनकी पढ़ाई, उच्च शिक्षा एवं कैरियर गाइडेंस के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।इस अवसर पर श्री सिदार ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय-प्रबंधन तथा अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर का चुनाव करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा भविष्य में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है।
लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से सफलता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों ने भी कैरियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल एवं उपयोगी तरीके से समाधान बताया। उन्होंने मेरी पहली वित्तीय डायरी छोटी बचत बड़ा भविष्य के बारे में बताया। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने भविष्य की दिशा तय करने में सहायता प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिक्षा दान कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्राचार्य हरेंद्र कुमार शांडिल्य ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम समापन की घोषणा की।
