ताजा खबर

स्थानीय ठेकेदारों और मजदूरों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं, बाहरी कंपनियां रवैया सुधारें : बाबलू सिद्दीकी

किरंदुल। बैलाडीला क्षेत्र में एनएमडीसी के विभिन्न कार्यों में लगी बाहरी कंपनियों द्वारा स्थानीय ठेकेदारों और मजदूरों की अनदेखी किए जाने पर नगरपालिका परिषद किरंदुल के उपाध्यक्ष एवं बैलाडीला ठेकेदार संघ के अध्यक्ष बाबलू सिद्दीकी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

उन्होंने कहा कि किरंदुल बाहरी कंपनियों के लिए केवल मुनाफा कमाने की जगह नहीं है। यहां के स्थानीय ठेकेदार, युवा और श्रमिक वर्षों से रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में एनएमडीसी के कार्यों से बनने वाले अवसरों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना कंपनियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

सिद्दीकी ने एसके सामंता एंड कंपनी, एसपीजी प्रोजेक्ट्स, एलएंडटी, जे इंफ्रा जैसी कंपनियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्थानीय ठेकेदारों की कीमत पर बाहरी ठेकेदारों और श्रमिकों को प्राथमिकता देना बंद किया जाए।

“किरंदुल में काम करना है तो किरंदुल के लोगों को काम देना होगा”

उपाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय लोगों को दरकिनार कर कोई भी कंपनी मनमाने तरीके से काम नहीं कर सकती। यदि स्थानीय स्तर पर ठेकेदार, मशीनरी और श्रमिक उपलब्ध हैं तो बाहर से लाकर काम कराना स्थानीय हितों की सीधी अनदेखी है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय ठेकेदारों के बिना एक गाड़ी माल भी नहीं उठाने दिया जाएगा और न ही कोई स्ट्रक्चर खड़ा करने दिया जाएगा। यदि कंपनियों ने रवैया नहीं सुधारा तो कामबंदी, धरना-प्रदर्शन और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

मुख्य मांगें –

1. एनएमडीसी कार्यों में स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता

2. स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में अवसर

3. स्थानीय श्रमिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों को प्राथमिकता

4. स्थानीय मशीनरी उपलब्ध होने पर बाहर से मशीनरी लाना बंद हो

5. छोटे कार्य एवं सब-कॉन्ट्रैक्ट स्थानीय ठेकेदारों को दिए जाएं

6. बाहरी लोगों को लाने से पहले स्थानीय उपलब्धता को प्राथमिकता दी जाए

उन्होंने कहा कि किरंदुल के संसाधनों से होने वाले काम का लाभ सबसे पहले किरंदुल के लोगों को मिलना चाहिए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button