कवर्धा में किसान आंदोलन जारी, डेढ़ हजार ट्रैक्टरों के साथ किसानों का चक्काजाम, चारों तरफ से घिरा, लंबा जाम

छत्तीसगढ़संवाददाता
बोड़ला, 9 अक्टूबर। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर जारी किसान आंदोलन दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी है। किसानों ने कवर्धा को चारों दिशाओं से घेरते हुए बिलासपुर, रायपुर, जबलपुर और राजनांदगांव सहित सभी प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम कर दिया है। आंदोलन के चलते इन मार्गों पर 24 घंटे से अधिक समय से आवागमन प्रभावित है। किसानों ने चारों दिशाओं में करीब 1200 से 1500 ट्रैक्टर खड़े कर सड़क मार्गों को अवरुद्ध कर रखा है।
आंदोलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। बेमेतरा से लेकर मध्यप्रदेश के मंगली बिछिया क्षेत्र तक 100 से 150 किलोमीटर तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने की सूचना है। ट्रक, बस, कार और अन्य वाहनों में सवार यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से जाम में फंसे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूल-कॉलेज बंद करने की घोषणा, आम जनजीवन प्रभावित
किसान आंदोलन का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। सड़कों पर आवागमन बाधित होने के बीच स्कूल-कॉलेज बंद रखने की घोषणा की गई है। लगातार जारी चक्काजाम से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और जरूरी काम से यात्रा करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आवश्यक सेवाओं और आपातकालीन आवागमन को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
प्रशासन से कई दौर की बातचीत, नहीं निकला समाधान
आंदोलन को समाप्त कराने और यातायात बहाल करने के लिए प्रशासन की ओर से किसानों के साथ कई दौर की बातचीत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं। वहीं, लंबे समय से सड़कें बंद रहने के कारण आम नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।


