सीएमएचओ पर बैक डेट में 42 की संविदा नियुक्ति का आरोप

तबादला होने के 4 दिन बाद स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाई!
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 अक्टूबर। स्वास्थ्य विभाग में तबादला आदेश जारी होने के बाद बैंक डेट और बिना प्रशासनिक अधिकार के नौकरियां बांटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महासमुंद के प्रभारी सीएमएचओ रहे डॉ.आई नागेश्वर राव ने रायपुर तबादला हो जाने के 4 दिन बाद अपने हस्ताक्षरों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम के तहत नर्सिंग ऑफिसर और एएनएम के 42 पदों पर संविदा नियुक्ति आदेश जारी कर दिए।
इसके बाद अगले ही दिन कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के आदेश पर डॉ.राव को महासमुंद से एकतरफा कार्यमुक्त रिलीव कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और जारी किए गए नियुक्ति आदेशों की कानूनी वैधता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी अनुसार 17 सितंबर को शासन ने महासमुंद प्रभारी सीएमएचओ डॉ.राव की नियुक्ति राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण में बतौर उप संचालक की गई। जबकि डॉ.राव ने 21 सितंबर को खुद को महासमुंद सीएमएचओ दर्शाते हुए 42 अभ्यर्थियों को नर्सिंग ऑफिसर एएनएम पद पर नियुक्ति दी और 22 सितंबर को नए सीएमएचओ डॉ.कुशवाहा ने पदभार ग्रहण किया। इसी दिन कलेक्टर के आदेश पर डॉ.राव को कार्यमुक्त किया गया।
इस तरह छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 17 सितंबर को आदेश जारी कर डॉ.आई नागेश्वर राव को महासमुंद से हटाकर राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, रायपुर में उप संचालक पदस्थ किया था। यानी 17 सितंबर को ही उनका महासमुंद सीएमएचओ का प्रशासनिक अधिकार समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद 21 सितंबर को जारी 42 नियुक्ति पत्रों में उन्होंने पदनाम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला महासमुंद दर्ज कर अपने दस्तखत किए।
मामले में प्रशासनिक मोड़ तब आया, जब कलेक्टोरेट महासमुंद से जारी आदेश के तहत 22 सितंबर को डॉ.रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने नए प्रभारी सीएमएचओ के रूप में अपनी उपस्थिति दी। इसी दिन कलेक्टर के आदेश पर डॉ.आई नागेश्वर राव को नवीन पदस्थापना रायपुर के लिए एकतरफा कार्यमुक्त (रिलीव) कर दिया गया। इसके बाद 24 अभ्यर्थियों को प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल में पदस्थापना दी गई है। वहीं 18 अभ्यर्थियों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया है। अभ्यर्थियों को 5 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से जॉइनिंग के निर्देश दिए गए थे।
पूर्व सीएमएचओ महासमुंद डॉ. नागेश्वर राव से फोन पर सम्पर्क किया गया लेकिन उनसे कोई बात नहीं हो पाई। जबकि महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह का कहना है कि नियुक्ति नहीं हुई है, पोस्टिंग हुई है। नए सीएमएचओ के आने तक पुराने ही कामकाज देखेंगे। मामले की जानकारी लेकर ही बता पाउंगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का कहना है कि तबादले के बाद भी सीएमएचओ आई नागेश्वर राव के आदेश से नर्सिंग आफिसर की नियुक्तियां कैसे हो गई? इस संबंध में मैं भी जानकारी लेता हूं। तबादले के बाद सीएमएचओ के हस्ताक्षर से नियुक्ति हुई है तो पता लगाएंगे। नियमों की अनदेखी मिली तो अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियुक्ति सीएमएचओ अकेले नहीं करता है। इसके लिए एक चयनन समिति बनती है। सभी सदस्यों की सहमति से चयन होता है। फाइल मंगाकर मामले को लेकर दिखवाता हूं।



