छत्तीसगढ़

मल्हार स्कूल में छात्राओं से बदसलूकी और वसूली, प्राचार्य समेत तीन हटाए गए

जांच में सैनिटरी पैड वितरण में गड़बड़ी भी मिली

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 11 अक्टूबर। मल्हार के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं से बदसलूकी और अनियमितताओं की शिकायतों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर हुई जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला समेत दो लेक्चरर को स्कूल से हटाकर दूसरे संस्थानों में भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस कदम का मकसद स्कूल में पढ़ाई का माहौल सुधारना और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

स्कूल की व्यवस्था, विद्यार्थियों के साथ व्यवहार और पढ़ाई के माहौल को लेकर जनप्रतिनिधियों के अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायतें मिली थीं। 1 अक्टूबर को स्कूल की छात्राओं ने कलेक्टर से सीधे मिलकर अपनी समस्याएं बताई थीं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

इसके बाद तीन सदस्यीय जांच टीम ने विद्यार्थियों और स्टाफ के बयान दर्ज किए। टीम ने 7 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी।

जांच में प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला के खिलाफ विद्यार्थियों से बदसलूकी, छात्राओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने में अनियमितता और स्कूल फीस के नाम पर प्रत्येक विद्यार्थी से 500 रुपये अतिरिक्त लेने की शिकायतों की पुष्टि हुई। शैक्षणिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं।

लेक्चरर रश्मि गुप्ता के मामले में विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, चपरासी से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराने और पढ़ाने जैसे काम सौंपने तथा शैक्षणिक जिम्मेदारियों में लापरवाही की पुष्टि हुई। लेक्चरर संजय दुबे के खिलाफ भी विद्यार्थियों से बदसलूकी और गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच समिति की सिफारिश पर कलेक्टर की मंजूरी के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 9 अक्टूबर को तबादले के आदेश जारी किए। प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला को शासकीय हाई स्कूल, कुकुरदीकेरा, लेक्चरर रश्मि गुप्ता को शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, पचपेड़ी तथा संजय दुबे को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, ओखर भेजा गया है।

ये आदेश राज्य सरकार के औपचारिक तबादला आदेश जारी होने तक लागू रहेंगे। सरकार के आदेश जारी होते ही मौजूदा व्यवस्था अपने आप समाप्त हो जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button