मणिपुर में फिर हिंसा, नौ लोगों की मौत, कई घरों में लगाई आग

-दिलीप कुमार शर्मा
मणिपुर के पहाड़ी ज़िलों में हिंसा की नई घटनाओं में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है.
इस दौरान हमलावरों ने क़रीब एक दर्जन से ज़्यादा घरों में आग लगा दी. यह हिंसा शुक्रवार रात से शुरू हुई जब एक कुकी महिला की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई.
दरअसल, शुक्रवार रात को कामजोंग ज़िले के चसाद गांव में हथियारबंद गुटों और सुरक्षा बलों के बीच कथित गोलीबारी हुई, जिसमें 42 वर्षीय कुकी महिला डोमखोनी टौथांग की मौत हो गई थी.
पुलिस के एक स्थानीय अधिकारी ने बताया, मणिपुर पुलिस, इंडिया रिज़र्व बटालियन और बीएसएफ की एक संयुक्त टीम चस्साद गांव में कथित अवैध बंकरों को हटाने के लिए ऑपरेशन चला रही थी. इसी दौरान स्थानीय महिलाओं ने इस कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की और अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षा टीम पर गोलीबारी कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की.
इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने गांव के कई घरों में आग लगा दी. इस घटना को लेकर कुकी नागरिक संगठन और कुकी महिला संघ के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया.
इस बीच चसाद गांव में एक और कुकी व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. इस तरह शनिवार सुबह हिंसा फिर से शुरू हो गई. कुछ अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर चसाद पुलिस स्टेशन में आग लगाने की भी कोशिश की. फ़िलहाल कामजोंग ज़िला मजिस्ट्रेट ने एक आदेश जारी कर पुलिस स्टेशन के 400 मीटर के दायरे में पाबंदियां लागू कर दी है.
कामजोंग ज़िले की एक अलग घटना में निंगचू गांव के दो नगा विलेज गार्ड की शनिवार सुबह कथित तौर पर हत्या कर दी गई. मारे गए लोगों की शिनाख़्त 36 साल के नगाचांसो निंगशेन और 48 साल के लेशिशान हंग्यो के तौर पर की गई है. इस घटना की जानकारी देते हुए तांगखुल नगा संगठन ने बताया कि यह हमला भारत-म्यांमार सीमा के 102 नंबर पिलर के पास हुआ.
इससे पहले शनिवार को सुबह क़रीब 5 बजे माकुई गांव में कथित तौर पर कुकी हथियारबंद समूह के हमले में तीन नगा विलेज गार्ड मारे गए. शनिवार की सुबह कांगपोकपी ज़िले के टपोन गांव में हुए एक और हमले में कथित तौर पर एक वॉलंटियर की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. मारे गए व्यक्ति की शिनाख़्त माचुंगवांगबो (35) के तौर पर की गई है जो थालोन गांव के रहने वाले थे. इस तरह कई इलाक़ो में गोलीबारी शनिवार देर शाम तक जारी रही.
एक और घटना में, सेनापति ज़िले के तापहोउ सेनापति नेपाली गांव के रहने वाले 30 साल के संदीप राय की शनिवार सुबह उखरुल ज़िले के कोंजांग गांव के पास अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी.
पिछली 7 फ़रवरी को उखरुल ज़िले में कुकी और नागा जनजाति के कुछ युवकों के बीच कथित तौर हुई हाथापाई के बाद लड़ाई ने व्यापक हिंसा का रूप ले लिया. बीते 8 महीनों से कुकी और तांगखुल नागाओं के बीच जारी इस हिंसा में 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई है.
इस बीच मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर कई अहम विषयों पर बात की.
इस मुलाकात के बाद सीएम खेमचंद ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा,माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी. उनका दूरदर्शी नेतृत्व विकसित भारत के हिस्से के तौर पर एक शांतिपूर्ण, समृद्ध और विकसित मणिपुर बनाने के हमारे संकल्प को प्रेरित करता रहता है.(bbc.com/hindi)



