कोल इंडिया चेयरमैन ने गेवरा खदान का किया निरीक्षण

इलेक्ट्रिक शॉवेल के ऑपरेटर से की बातचीत, ठेका श्रमिकों से भी सीधे मिले बी. साईराम
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 11 अक्टूबर। कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने 10 अक्टूबर को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा खदान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खदान के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण किया और विभागीय कर्मचारियों के साथ ठेका श्रमिकों से भी बातचीत की। दौरे में खदान संचालन, मशीनों की सुरक्षा और उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं पर फोकस रहा।
चेयरमैन ने सबसे पहले व्यूपॉइंट से खदान का नजारा देखा और माइन प्लान की जानकारी ली। इसके बाद विभागीय क्षेत्र में जाकर पीएंडएच शॉवेल और 240 टन क्षमता वाले डंपर के ऑपरेटरों से बातचीत की।
उन्होंने टाटा हिताची द्वारा निर्मित भारत के पहले 21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रिक शॉवेल पर चढ़कर उसके ऑपरेटर केबिन का निरीक्षण किया। ऑपरेटर से मशीन की सुरक्षा सुविधाओं और काम करने की सहूलियत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कृष्णा शॉवेल का भी निरीक्षण किया।
गेवरा के केजेएसएल साइट पर कोल फेस का निरीक्षण करते हुए चेयरमैन ने वहां तैनात ठेका श्रमिकों से बातचीत की। देव माइनिंग पैच में विभागीय कर्मचारियों और ठेका कंपनी के श्रमिकों से भी मिले। इसके अलावा पीएनसी और सैनिक माइनिंग पैच का जायजा लिया।
गेवरा हाउस में उन्होंने गेवरा और दीपका की टीमों के साथ बैठक कर उत्पादन, उत्पादकता और आगे की कार्ययोजना की समीक्षा की। दौरे में एसईसीएल के तकनीकी संचालन निदेशक रमेश चंद्र महापात्र, तकनीकी योजना एवं परियोजना निदेशक नृपेंद्र नाथ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



