लूट के पैसे से बना कांग्रेस कार्यालय, राजसात हो-पांडेय

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 15 अक्टूबर। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भूपेश बघेल सरकार के पांच साल के कार्यकाल में कोयला, शराब और सट्टा घोटालों के जरिए राज्य में भारी लूट हुई। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन के निर्माण से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने और प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यालयों को राजसात करने की मांग की।
एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में पांडेय ने कहा कि 3200 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले में 20 व्यक्तियों और 22 फर्मों व कंपनियों के खिलाफ चालान पेश किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वैध शराब की आपूर्ति पर कमीशन वसूली के साथ बिना आबकारी शुल्क चुकाए अवैध शराब तैयार कर सरकारी दुकानों के माध्यम से बेची गई। अतिरिक्त खाली बोतलों और फर्जी परिवहन परमिटों का इस्तेमाल भी किया गया। विदेशी शराब की आपूर्ति में कमीशन वसूली तथा हवाला और आंगड़िया नेटवर्क के जरिए अवैध रकम देश के विभिन्न शहरों और दुबई भेजने का आरोप भी लगाया।
पांडेय ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के दौरान रायपुर के सिलतरा स्थित एनवी डिस्टिलरी में शराब के अवैध उत्पादन और बिक्री से जुड़े साक्ष्य भी चालान में शामिल हैं। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से कथित घोटालों में शामिल नेताओं पर कार्रवाई करने और जनता से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में राज्यपाल, चुनाव आयोग और संबंधित संवैधानिक संस्थाओं को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग करेगी। इस दौरान लौह शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा मौजूद रहे।



