अमेरिका के प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी, तीन बच्चों और टीचर की मौत

अमेरिका के ओरेगन राज्य में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई.
स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, मृतकों में तीन बच्चे और एक टीचर शामिल हैं. बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के लिए ज़िम्मेदार बताया जा रहा 16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया है.
गोलीबारी में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. इनमें 7 साल का एक बच्चा और एक अन्य शिक्षक शामिल हैं. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस के मुताबिक़, गुरुवार दोपहर ओरेगन के बेंड स्थित सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली थी.
बताया गया कि एक अज्ञात संदिग्ध ने पहले एक कार पर गोली चलाई और फिर स्कूल परिसर में दाख़िल हो गया.
बेंड पुलिस प्रमुख माइक क्रैंट्ज़ ने बताया, संदिग्ध को एक स्थानीय नागरिक ने गोली मारी थी. उस व्यक्ति ने संदिग्ध को स्कूल में प्रवेश करते देखा और उसका पीछा करते हुए इमारत के अंदर पहुंच गया, जहां दोनों के बीच मुठभेड़ हुई. इसी में संदिग्ध मारा गया.(bbc.com/hindi)



