छत्तीसगढ़

नवरात्रि मेले पर डोंगरगढ़ के लिए चलेंगीं अतिरिक्त ट्रेनें

कुछ मेमू ट्रेनों का होगा विस्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 8 अक्टूबर। डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में क्वांर नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अतिरिक्त रेल सुविधाओं की घोषणा की है। 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक कुछ मेमू ट्रेनों का विस्तार किया जाएगा, डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच विशेष ट्रेन चलाई जाएगी और कुछ मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

दुर्ग-गोंदिया मेमू ट्रेन संख्या 68741 और गोंदिया-दुर्ग मेमू ट्रेन संख्या 68742 को अस्थायी रूप से रायपुर तक चलाया जाएगा। यह व्यवस्था 11 से 20 अक्टूबर तक लागू रहेगी।

रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू ट्रेन संख्या 68729 को गोंदिया तक चलाया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 68730 गोंदिया से डोंगरगढ़ होते हुए रायपुर जाएगी। इनके परिचालन की तारीखें अलग-अलग हैं।

रेलवे ट्रेन संख्या 06886/06885 डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल भी 11 से 20 अक्टूबर तक चलाएगा। इससे मेले के दौरान राजनांदगांव, मुसरा, बाकल और आसपास के स्टेशनों से आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी।

मेले के दौरान बिलासपुर-भगत की कोठी, भगत की कोठी-बिलासपुर, बिलासपुर-बीकानेर, बीकानेर-बिलासपुर, बिलासपुर-चेन्नई, चेन्नई-बिलासपुर, बिलासपुर-पुणे, पुणे-बिलासपुर और सिकंदराबाद-रायपुर सहित कई ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। यह सुविधा अलग-अलग निर्धारित तारीखों पर मिलेगी।

इसके अलावा दुर्ग-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन संख्या 68726 के रवाना होने का समय 11 से 20 अक्टूबर तक एक घंटा 40 मिनट आगे बढ़ाया गया है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर जरूर जांच लें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button