ब्रेकअप के बाद युवती पर बेल्ट से हमला, रास्ता रोककर पीटा और दी जान से मारने की धमकी

बिलासपुर में सिटी सेंटर के पास वारदात
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 19 अक्टूबर। प्रेम संबंध खत्म होने के बाद एक युवक ने कथित तौर पर रास्ता रोककर 21 वर्षीय युवती के साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों के साथ बेल्ट से हमला कर दिया। आरोप है कि युवक युवती के दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने और उसका फोन नहीं उठाने से नाराज था। मारपीट में युवती के चेहरे, गाल, गर्दन और जांघ पर चोटें आई
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती करबला रोड पर भाजपा कार्यालय के पास स्थित राजपाल ट्रेडर्स बूट हाउस शोरूम में काम करती है। उसका चांटीडीह के रामायण चौक निवासी 26 वर्षीय अमन साहू से पहले प्रेम संबंध था। युवती का कहना है कि करीब 15 दिन पहले उसने अमन से रिश्ता खत्म कर लिया था।
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की बताई गई है। युवती दुकान से स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान मनोहर बूट हाउस और सिटी सेंटर के पास अमन ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि युवक ने दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने और उसका फोन नहीं उठाने को लेकर युवती से विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद गाली-गलौज करने लगा। युवती ने जब इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया तो स्थिति और बिगड़ गई।
शिकायत के अनुसार, युवक ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और हाथ-थप्पड़ मारने के बाद बेल्ट से हमला किया। अचानक हुई इस घटना से युवती को चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने भी विवाद और मारपीट होते देखी-सुनी।
घर पहुंचने के बाद युवती ने अपनी मां और बहन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मां के साथ थाने पहुंची और युवक के खिलाफ शिकायत की।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



