विशेष टीईटी परीक्षा शीघ्र आयोजित करने पर सहमति

स्कूल शिक्षा सचिव से फेडरेशन की चर्चा, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, वेतन कटौती एवं स्थानांतरण के मुद्दे प्रमुखता से उठे
रायपुर, 9 अक्टूबर।छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा सचिव से भेंटकर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक मेंफेडरेशन ने शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अगस्त 2028 तक सभी शिक्षकों की सेवा सुरक्षित रखने की मांग रखी। चर्चा के दौरान विशेष टीईटी परीक्षा आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी करने, परीक्षा तिथि, समय-सारणी एवं पाठ्यक्रम शीघ्र घोषित करने पर सहमति बनी।
प्रदेश में शिक्षकों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण का मुद्दा भी उठाया गया। डा सिंह ने इस व्यवस्था में सुधार लाने तथा ऑनलाइन सॉफ्टवेयर विकसित करने की जा रही विभागीय पहल की जानकारी दी।
वीएसके ऐप के माध्यम से की जा रही वेतन कटौती पर फेडरेशन ने विरोध दर्ज कराया। फेडरेशन की मांग पर वेतन कटौती का अधिकार संस्था प्रमुख को सौंपने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में शनिवार को शाला संचालन के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने कीआवश्यकता पर जोर दिया। इस पर सचिव ने शीघ्र दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
शिक्षकों के स्थानांतरण प्रकरणों के लिए ऑनलाइन सिस्टम विकसित करने की पहल
बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण संबंधी आवेदनों पर विभाग द्वारा उचित निर्णय लिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
इस पर सचिव ने स्थानांतरण संबंधी आवेदनों के निराकरण के लिए ऑनलाइन सिस्टम विकसित करने हेतु विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी। चर्चा के दौरान चन्द्रशेखर तिवारी, राजेश चटर्जी, मनीष मिश्रा, पंकज पाण्डेय, प्रदीप साहू, संतोष वर्मा, मनोज साहू, अमित दुबे, देवेंद्र हरमुख आदि उपस्थित रहे।



