इस्राएल में नई संसद के शपथ लेते ही नेतन्याहू की नीतियां पलटने का एजेंडा लेकर आए आइजेनकोट

-ऋतिका पाण्डेय
इस्राएल में नई संसद के शपथ लेने के मौके पर याशार पार्टी नेता गादी आइजेनकोट ने कहा कि वह प्रधानमंत्री बेन्यामिन की कई नीतियों को पलट देंगे.
मंगलवार को इस ऐलान के साथ ही आने वाला एक महीना अहम विधायी गतिविधियों और गठबंधन बनाने के लिए बातचीत का दौर बन सकता है. इस्राएली सेना के पूर्व प्रमुख आइजेनकोट के पास सरकार बनाने के लिए छह हफ्ते तक का समय है. अगर वह इसमें सफल होते हैं तो इस्राएल के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे नेतन्याहू का कार्यकाल खत्म हो जाएगा.
हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि आइजेनकोट गठबंधन सरकार बना पाएंगे या नहीं. इस बीच नई क्नेसेट कानून पारित कर सकती है. संसद में अब नेतन्याहू के विरोधियों के पास स्पष्ट बहुमत है. संसद के नए सत्र की शुरुआत में आइजेनकोट के खेमे ने कई विधेयक पेश किए, जिनका निशाना नेतन्याहू और उनकी नीतियां हैं. इनमें 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमलों की आधिकारिक सरकारी जांच शुरू करना, प्रधानमंत्री पद के लिए कार्यकाल की सीमा तय करना और न्यायपालिका की शक्तियां सीमित करने के लिए निवर्तमान नेतन्याहू सरकार की ओर से किए गए बदलावों को पलटना शामिल है.(dw.com/hi)



