छत्तीसगढ़

बैडमिंटन स्पर्धा, 30 राज्यों के ढाई सौ खिलाड़ी कोर्ट में उतरे

उप मुख्यमंत्री साव ने किया शुभारंभ, बोले बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण की मिली स्वीकृति

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 25 नवंबर। उप मुख्यमंत्री खेल अरुण साव ने मोवा के आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरीना में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ किया। चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों के 250 प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर श्री साव ने सभी खिलाडिय़ों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और उनसे खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से खिलाडिय़ों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। यहां से खिलाड़ी नए अनुभव और बेहतर सीख लेकर जाएंगे।

श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में साय सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की है। हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित जी, अनुराग दिक्षित, खेल अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button