एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बीते 5 वर्षों में रिश्वत लेते 193 को किया गिरफ्तार

बीते ढाई साल में 161 पकड़े गए
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 27अक्टूबर । एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बीते 5 वर्षों में शासकीय कार्य के बदले रिश्वत लेते 193 अधिकारी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों के द्वारा कुल 51.60 लाख रुपए से अधिक की रकम रिश्वत के रूप में लिए गए थे।
ब्यूरो की ओर से दी गई जानकारी अनुसार वर्ष 2023 (चुनावी वर्ष) में एक भी प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था। जबकि 2024 में दर्ज 44 मामलों में 57 अधिकारी कर्मचारी पकड़े गए। वहीं 2025 में दर्ज 60 मामलों में 71 गिरफ्तार किए गए थे। वहीं 2026 में मई तक 24 मामलों में 36 लोग रिश्वतखोरी में पकड़े गए।
ब्यूरो की एक रिपोर्ट के अनुसार राज्य शासन के 28 विभागों में से रिश्वत के सर्वाधिक 56 ट्रैप के मामले राजस्व विभाग में दर्ज किए गए जिनमें 67 लोग पकड़े गए। इनमें एसडीओ से लेकर कोटवार तक शामिल हैं। दूसरे क्रम में स्कूल शिक्षा विभाग में 20 प्रकरणों में 25 सहायक संचालक, डीईओ और लिपिक हाथ आए। पंचायत ग्रामीण विकास में 14 मामलों में 15 और पुलिस विभाग में 10 प्रकरण में 13 रिश्वतखोर मिले। इनमें टीआई से लेकर सिपाही शामिल हैं।



