विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा, ‘आस्था और श्रद्धा की वजह से आश्रम गए, पैसे लेने की बात ग़लत’
क्रिकेटर विराट कोहली के एक प्रवक्ता ने बुधवार को उन आरोपों को ख़ारिज कर दिया कि भारतीय बल्लेबाज़ को आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज के आश्रम की पहली यात्रा के लिए पैसे दिए गए थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कोहली के प्रवक्ता ने इन आरोपों को पूरी तरह ग़लत और निराधार बताया.
कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के भक्त हैं और वृंदावन स्थित उनके आश्रम में कई बार जा चुके हैं.
हालांकि, फलाहारी महाराज ने हाल ही में आरोप लगाया कि कोहली को 2023 में आश्रम की पहली यात्रा के लिए 5 करोड़ रुपये मिले थे.
कोहली के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से विराट कोहली के संबंध में किए गए दावे पूरी तरह झूठे, निराधार और तथ्यों के विपरीत हैं.
प्रवक्ता ने कहा कि कोहली की आश्रम यात्राएं महाराज जी के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा से प्रेरित थीं.(bbc.com/hindi)

