बिहार: सीवान ज़िले के एक घर में पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट, पांच लोगों की मौत

बिहार के सीवान ज़िले के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान एक घर में भीषण विस्फोट हो गया. हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.
सीवान के एसपी भारत सोनी के मुताबिक़, मेडिकल टीम के आकलन के बाद सिविल सर्जन ने पांच शव बरामद होने की पुष्टि की है.
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में सात से आठ लोग मौजूद थे, जिनमें से पांच की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, दो से तीन लोगों के घर से बाहर होने की बात सामने आई है. पुलिस इन लोगों का पता लगाने में जुटी है.
सीवान के एसपी भारत सोनी ने कहा, फ़ॉरेंसिक साइंस लैब (एफ़एसएल) की टीम मौक़े पर पहुंच गई है. आग पूरी तरह बुझा दी गई है और पूरे घर की तलाशी ली जा रही है. बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाली टीम भी मौक़े पर मौजूद है. इलाक़े की जांच के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है. हम एफ़आईआर दर्ज कर रहे हैं और जांच से घटना की असली वजह का पता चलेगा.
उन्होंने कहा, सिविल सर्जन की टीम को संदेह है कि मलबे में एक और शव हो सकता है.
मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जामो बाज़ार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस ने मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है.(bbc.com/hindi)



