राष्ट्रीय स्वास्थ्य और सतत् विकास लक्ष्यों के अनुरूप स्वस्थ और सशक्त समुदाय के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा बालको

प्रदेश के 70+ गांवों के 1.2 लाख+ लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई
बालकोनगर, 7 अक्टूबर । भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना आरोग्य की मदद से वर्ष भर में कोरबा एवं छत्तीसगढ़ के 70 से अधिक गांवों के 1.2 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई। प्राथमिक स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, निवारक देखभाल और स्वास्थ्य जागरूकता को केंद्र में रखते हुए कंपनी ने समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है।
बालको ने बताया कि वित्तवर्ष 2026 में आरोग्य के तहत 92 हजार से अधिक लोगों को प्राथमिक, निवारक एवं उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। तीन ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लगभग 4800 नागरिकों को नियमित प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए दो मोबाइल हेल्थ वैन संचालित की गईं। मल्टी-स्पेशलिटी हेल्थ कैंपों में सामान्य चिकित्सा के साथ दंत चिकित्सा, त्वचा रोग, हड्डी रोग और स्त्री रोग जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
बालको ने बताया कि 51 आंगनवाड़ी केंद्रों में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,300 से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 268 बच्चों को कुपोषण की विभिन्न श्रेणियों में चिन्हित कर विशेष देखभाल प्रदान की गई, जबकि गंभीर रूप से कुपोषित 18 बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र रेफर किया गया। एनीमिया उन्मूलन के लिए 45 शिविर के माध्यम से 1137 गर्भवती महिलाओं, माताओं एवं किशोरियों को पोषण एवं आयरन सेवन के प्रति जागरूक किया गया। बेबी स्टेप्स टुगेदर पहल के तहत 80 से अधिक दंपतियों को मातृत्व देखभाल में पिता की भूमिका को लेकर प्रशिक्षित किया गया। नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से विद्यालय, युवा चौपाल, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता शिविर के माध्यम 4,900 से अधिक युवाओं एवं समुदाय के लोगों को जागरूक किया गया।
बालको ने बताया कि टीबी एवं एचआईवी जागरूकता के 110 सत्रों के माध्यम से 67 हजार से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई गई तथा 64 से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया गया। सुरक्षित मातृत्व दिवस, विश्व मलेरिया दिवस, स्तनपान सप्ताह, पोषण माह और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे अवसरों पर भी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बालको अस्पताल बालको परिवार और आसपास के क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है।
