देश

कांग्रेस CWC बैठक: CEC ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग, देशव्यापी आंदोलन का फैसला

नई दिल्ली। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की मंगलवार को नई दिल्ली में हुई बैठक में पार्टी ने कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देशव्यापी आंदोलन चलाने का फैसला लिया। बैठक में पारित प्रस्ताव के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे, SIR प्रक्रिया पर रोक और मतदाता सूची से हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों को बहाल करने की मांग की गई। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग उठाई।

बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल, जयराम रमेश समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक करीब ढाई घंटे चली।

CWC के प्रस्ताव में क्या कहा गया

कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्ताव में कहा गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने नैतिक और संस्थागत अधिकार खो दिया है, इसलिए उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। पार्टी का आरोप है कि SIR प्रक्रिया की सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और संवैधानिक वैधता पर गंभीर सवाल हैं। इसी आधार पर SIR को तत्काल स्थगित करने और हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों को मतदाता सूची में वापस जोड़ने की मांग की गई।

प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि कथित ‘वोट चोरी’ मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से की गई। कांग्रेस का कहना है कि संविधान और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए तीनों के इस्तीफे जरूरी हैं। पार्टी ने संसद, अदालतों और सड़कों पर शांतिपूर्ण विरोध जारी रखने का संकल्प लिया।

खड़गे और अन्य नेताओं के बयान

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त को सरकार की ‘कठपुतली’ बताते हुए कहा कि उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि CEC पर प्रधानमंत्री का दबाव था, इसलिए प्रधानमंत्री को भी नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।

बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का नैतिक कर्तव्य था कि वे SIR और चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करते। उन्होंने कहा कि CWC की राय है कि प्रधानमंत्री के पास पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। पार्टी देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी।

जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने बैठक में चुनाव प्रक्रिया को ‘मैच फिक्सिंग’ बताया। कांग्रेस का कहना है कि बुधवार को INDIA गठबंधन की बैठक में संयुक्त रणनीति तय की जाएगी और संसद में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह चुनाव आयोग की स्वतंत्रता बहाल होने, हर नागरिक के वोट की सुरक्षा और कथित गड़बड़ियों की जवाबदेही तय होने तक विरोध जारी रखेगी।

मनोज तिवारी

पारंपरिक परिवार से आते हैं। घर में पूजा-पाठ, बड़ों का सम्मान और सादा रहन-सहन रहा। उन्होंने जीवन में धैर्य और संयम सीखा। उन्हें मंदिर के प्रांगण में बैठना, गंगा किनारे की यादें और पुराने रिश्तों को जीवित रखना अच्छा लगता है। वे कम शब्दों में बात करते हैं, लेकिन बात पूरी होती है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button